TCS boosts morale: छंटनी की खबरों के बीच TCS ने बढ़ाया मनोबल, सभी जूनियर स्टाफ को मिलेगा पूरा बोनस

2 Min Read

TCS boosts morale:

नई दिल्ली, एजेंसियां। लगातार छंटनी और लागत कटौती की खबरों के बीच देश की सबसे बड़ी आईटी सर्विस कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने अपने कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। कंपनी ने घोषणा की है कि जूनियर लेवल के कर्मचारियों को इस तिमाही में 100% वेरिएबल पे (Quarterly Variable Allowance – QVA) दिया जाएगा। वहीं, मिड और सीनियर लेवल के कर्मचारियों को उनके परफॉर्मेंस के आधार पर अधिक वेरिएबल पे मिलने की संभावना है।

कर्मचारियों के लिए खुशखबरी

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, TCS के चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर सुदीप कुन्नुमल ने अपने कर्मचारियों को भेजे ईमेल में लिखा, “मुझे यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि C2 ग्रेड (या समकक्ष) तक के सभी कर्मचारियों को 100% वेरिएबल पे दिया जाएगा।” उन्होंने बताया कि C3A ग्रेड और उससे ऊपर के कर्मचारियों के लिए वेरिएबल पे उनके बिजनेस यूनिट की परफॉर्मेंस पर निर्भर करेगा, लेकिन इस बार कुल QVA भुगतान पिछले साल से ज्यादा रहेगा।

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि C3A ग्रेड और नीचे के कर्मचारियों के लिए एनुअल सैलरी हाइक 25 सितंबर से लागू हो चुकी है। इनमें से अच्छा प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को डबल-डिजिट वेतन वृद्धि मिलेगी।

कंपनी के नतीजे और प्रदर्शन

वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में TCS का नेट प्रॉफिट 3.8% घटकर ₹12,075 करोड़ रहा, जो पिछली तिमाही में ₹12,760 करोड़ था। हालांकि, कंपनी का रेवेन्यू 3.7% बढ़कर ₹65,799 करोड़ तक पहुंच गया। प्रबंधन का कहना है कि स्थिर प्रदर्शन और ग्रोथ के बावजूद कंपनी अपने कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए यह निर्णय ले रही है।इस कदम को कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने और छंटनी की आशंकाओं के बीच एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

इसे भी पढ़ें

गुजरात हाईकोर्ट में 260 पदों पर निकली भर्ती, ग्रेजुएट्स को मौका

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं