Amir Khan Muttaqi:
काबुल, एजेंसियां। तालिबान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी गुरुवार को भारत के छह दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। वह भारत का दौरा करने वाले तालिबान शासन के पहले वरिष्ठ पदाधिकारी हैं। इस यात्रा के दौरान मुत्ताकी का कार्यक्रम व्यस्त रहेगा वे विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और अन्य वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
इस यात्रा की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई
हालांकि दोनों देशों की ओर से इस यात्रा की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक मुत्ताकी पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ नई दिल्ली पहुंचेंगे। हैदराबाद हाउस में जयशंकर के साथ उनकी औपचारिक बैठक होगी, जहां दोनों देशों के बीच सुरक्षा, आतंकवाद, मानवीय सहायता और वीज़ा नीति जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। यह जयशंकर और मुत्ताकी की पहली आमने-सामने मुलाकात होगी, हालांकि पहले दोनों के बीच टेलीफोन पर बातचीत हो चुकी है।
सूत्रों के अनुसार
सूत्रों के अनुसार, मुत्ताकी की यात्रा का 10 अक्टूबर सबसे व्यस्त दिन रहेगा, जिसमें भारत और तालिबान के बीच कामकाजी संबंधों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि तालिबान वीज़ा नियमों में ढील, अफगान छात्रों और व्यापारियों की सुविधा जैसे मुद्दे भी उठा सकता है।आधिकारिक कार्यक्रमों के अलावा मुत्ताकी भारत के सांस्कृतिक स्थलों का भी दौरा करेंगे। वह 11 अक्टूबर को दारुल उलूम देवबंद मदरसे का दौरा करेंगे, जिसे तालिबान विचारधारा के ऐतिहासिक रूप से जुड़ा माना जाता है। इसके बाद वह आगरा जाकर ताजमहल भी देखेंगे।
13 अक्टूबर को मुत्ताकी दिल्ली में अफगान समुदाय से मुलाकात करेंगे और 15 अक्टूबर को अपने देश लौट जाएंगे। इस यात्रा को भारत-तालिबान के बीच संवाद और संबंधों के नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है, हालांकि भारत ने अब तक तालिबान सरकार को औपचारिक मान्यता नहीं दी है।
इसे भी पढ़ें








