T20 World Cup 2026 opening ceremony:
मुंबई, एजेंसियां। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज शनिवार से होने जा रहा है। टूर्नामेंट के पहले दिन तीन मुकाबले खेले जाएंगे और इसके साथ ही मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रंगारंग उद्घाटन समारोह का आयोजन भी किया जाएगा। भारत और यूएसए के बीच होने वाले मैच से पहले यह ओपनिंग सेरेमनी आयोजित होगी, जिसमें कई मशहूर कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
कितने बजे होगा उद्घाटन समारोह?
उद्घाटन समारोह शाम 6 बजे शुरू होगा, जबकि भारत और यूएसए के बीच मुकाबला शाम 7 बजे से खेला जाएगा। इस समारोह में बॉलीवुड डांसर नोरा फतेही, लोकप्रिय रैपर और सिंगर बादशाह, सितार वादक ऋषभ शर्मा और मशहूर परकशनिस्ट सिवामनी परफॉर्म करेंगे। आईसीसी ने इन कलाकारों की प्रस्तुति की आधिकारिक जानकारी दी है।
जय शाह और रोहित शर्मा करेंगे ट्रॉफी का स्वागत
समारोह के दौरान आईसीसी चेयरमैन जय शाह और पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी का स्वागत करेंगे। उनके साथ टूर्नामेंट में भाग ले रही सभी टीमों का प्रतिनिधित्व करने वाले 20 युवा एम्बेसडर भी मौजूद रहेंगे, जो मिलकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत करेंगे।टूर्नामेंट के पहले दिन पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच पहला मैच कोलंबो में खेला जाएगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे कोलकाता में वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड आमने-सामने होंगे। दिन का तीसरा और सबसे चर्चित मुकाबला भारत और यूएसए के बीच मुंबई में खेला जाएगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। पहले दिन ग्रुप ए की टीमें भारत, पाकिस्तान, नीदरलैंड और यूएसए मैदान पर उतरेंगी।
टूर्नामेंट और उद्घाटन समारोह का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी।
















