Syed Mushtaq Ali Trophy:
नई दिल्ली, एजेंसियां। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT 2025) में मुंबई के कप्तान शार्दूल ठाकुर ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में असम के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए मैच का रुख शुरुआती पलों में ही बदल दिया। 220 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी असम की टीम शार्दूल की तेज-तर्रार गेंदों का सामना नहीं कर सकी और पावरप्ले में ही पूरी तरह ढह गई। शार्दूल ने अपने पहले स्पेल में सिर्फ 7 गेंदों में 4 विकेट झटके, जिसने मुंबई की जीत लगभग तय कर दी।
शार्दूल का आग उगलता स्पेल:
मुंबई की ओर से गेंदबाज़ी की शुरुआत करते हुए शार्दूल ने असम के बल्लेबाजों पर कहर बरपा दिया। उनकी पहली ही गेंद पर सलामी बल्लेबाज डेनिश दास पवेलियन लौट गए। ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने अब्दुल अजीज कुरैशी का विकेट लिया और पांचवीं गेंद पर असम के कप्तान रियान पराग को भी आउट कर दिया।तीसरे ओवर में उन्होंने अपने दूसरे स्पेल की पहली गेंद पर फिर विकेट झटका। इस तरह शार्दूल ने सिर्फ 23 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए और असम की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखेर दी।
मुंबई को मिली 98 रनों की आसान जीत:
मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया था जो असम के लिए दबाव का कारण बना। लक्ष्य का पीछा करते हुए असम की टीम 19.1 ओवर में 122 रन पर ऑल आउट हो गई।
शार्दूल के अलावा साईराज पाटिल और अथर्व अंकोलेकर ने 2-2 विकेट लिए, जबकि शम्स मुलानी ने 1 विकेट हासिल किया।
IPL 2026 से पहले शार्दूल का शानदार संकेत:
शार्दूल ठाकुर के इस प्रदर्शन ने आगामी IPL 2026 से पहले मुंबई इंडियंस के लिए राहत दी है। मुंबई ने हाल ही में उन्हें लखनऊ से ट्रेड किया था, और अब कप्तानी के साथ गेंदबाजी में ऐसा प्रदर्शन टीम के लिए मजबूत संकेत माना जा रहा है।शार्दूल की घातक गेंदबाजी और टीम की सामूहिक सफलता की बदौलत मुंबई ने यह मुकाबला 98 रनों से अपने नाम किया और टूर्नामेंट में अपनी लय को और मजबूत किया।







