Border 2 Teaser Release: सनी देओल की गूंजती आवाज के साथ लौट आया देशभक्ति का जज्बा

2 Min Read

Border 2 Teaser Release:

मुंबई, एजेंसियां। साल 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल ‘बॉर्डर 2’ का टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है। सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर इस फिल्म का टीजर देशभक्ति, शौर्य और भावनाओं से भरपूर नजर आता है। टीजर की शुरुआत सनी देओल की दमदार आवाज से होती है, जो सीधे दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देती है।सनी देओल कहते हैं, “तुम जहां से भी घुसने की कोशिश करोगे आसमान से, जमीन से, समंदर से सामने एक हिंदुस्तानी फौजी खड़ा पाओगे। हिम्मत है तो आ… ये खड़ा है हिंदुस्तान।” इसके साथ ही 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि में फिल्म की कहानी आगे बढ़ती दिखाई देती है।

थल, जल और नभ तीनों सेनाओं की कहानी

टीजर से साफ होता है कि फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। वरुण धवन भारतीय थल सेना के जवान के रूप में नजर आते हैं, दिलजीत दोसांझ वायु सेना के पायलट की भूमिका में दिखते हैं, जबकि अहान शेट्टी नेवी ऑफिसर के किरदार में दिखाई देते हैं। अलग-अलग मोर्चों शकरगढ़ सेक्टर, श्रीनगर IAF बेस और नॉर्थ अरेबियन सी पर एक साथ चल रही जंग फिल्म को और भव्य बनाती है।

भावनाएं, एक्शन और रिश्तों की झलक

टीजर में सिर्फ युद्ध नहीं, बल्कि जवानों की निजी जिंदगी और रिश्तों की झलक भी मिलती है। सनी देओल के साथ मोना सिंह, वरुण धवन के साथ मेधा राना, दिलजीत दोसांझ के साथ सोनम बाजवा और अहान शेट्टी के साथ आन्या सिंह नजर आती हैं। रोमांस, दोस्ती और बलिदान का संतुलन टीजर को प्रभावशाली बनाता है।

रिलीज डेट और खास सरप्राइज

अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में सुपरहिट गीत ‘संदेसे आते हैं’ को नए अंदाज में रीक्रिएट किया जाएगा, जिसे लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। टीजर ने साफ कर दिया है कि ‘बॉर्डर 2’ एक बार फिर देशभक्ति का तूफान लेकर आने वाली है।

Share This Article