Suneeta Pawar support BJP MP:
मुंबई, एजेंसियां। महाराष्ट्र के दिग्गज नेता अजित पवार के निधन के बाद राज्य की राजनीति में अस्थिरता और चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। खासकर एनसीपी कोटे से अगले डिप्टी मुख्यमंत्री को लेकर तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं है। इसी बीच बीजेपी के राज्यसभा सांसद धनंजय महादिक के बयान ने सियासी हलकों में नई बहस छेड़ दी है।
धनंजय महादिक ने कहा कि मौजूदा हालात में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों को एकजुट हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों धड़ों के पास मिलाकर करीब 40 विधायक और 10 सांसद हैं, जो एक मजबूत राजनीतिक ताकत है। अगर दोनों गुट साथ आते हैं तो राज्य की राजनीति में स्थिरता आ सकती है।
सुनेत्रा पवार को लेकर पूछे गए सवाल
सुनेत्रा पवार को लेकर पूछे गए सवाल पर बीजेपी सांसद ने खुलकर राय रखी। उन्होंने कहा कि अगर सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम का पद दिया जाता है, तो वह इस जिम्मेदारी को प्रभावी तरीके से निभा सकती हैं। महादिक के अनुसार, सुनेत्रा पवार के पास अब राज्यसभा सांसद के रूप में संसदीय अनुभव भी है, जो प्रशासनिक भूमिका निभाने में सहायक साबित होगा।
इस बयान से राजनीतिक गतिविधियां तेज़ हो गयी है
इस बयान के बीच शुक्रवार को महाराष्ट्र में राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गईं। एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। यह बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली, जिसमें छगन भुजबल, प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, धनंजय मुंडे समेत कई प्रमुख नेता शामिल रहे। प्रफुल्ल पटेल वर्तमान में एनसीपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हैं।
हालांकि बैठक के आधिकारिक एजेंडे का खुलासा नहीं किया गया, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें डिप्टी सीएम पद, संगठनात्मक नेतृत्व और आगे की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा हुई। सुनेत्रा पवार का नाम लगातार सामने आने से यह साफ है कि आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में बड़े फैसले देखने को मिल सकते हैं।











