Stray dog deaths Telangana: तेलंगाना में 100 आवारा कुत्तों को जहर देकर मारने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

2 Min Read

Stray dog deaths Telangana

हैदराबाद, एजेंसियां। तेलंगाना के नागरकुर्नूल जिले से पशु क्रूरता की एक बेहद गंभीर और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थुम्मैपल्ली गांव में करीब 100 आवारा कुत्तों को जहर देकर मार दिया गया। इस घटना के सामने आने के बाद पशु कल्याण संगठनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज

मामले को लेकर ‘स्ट्रे एनिमल फाउंडेशन ऑफ इंडिया’ की ओर से सहायक मुदावथ प्रीति ने चारपाका पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। एफआईआर के अनुसार, बीते करीब दस दिनों के भीतर इन कुत्तों को कथित तौर पर जहरीले इंजेक्शन देकर मारा गया। आरोप है कि यह सब गांव के सरपंच के निर्देश पर किया गया।

जांच के दौरान ऑडियो रिकॉर्डिंग आई सामने

जांच के दौरान एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई है, जिसमें पशु अधिकार कार्यकर्ता गौतम और सरपंच के बीच हुई बातचीत में सरपंच द्वारा हत्या का आदेश देने की बात स्वीकार करने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि इस काम के लिए ‘कुत्ता मारने वालों’ को 18 हजार रुपये का भुगतान किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि ग्राम पंचायत के एक कर्मचारी ने मृत कुत्तों के शवों को गांव से करीब दो किलोमीटर दूर सुनसान जगह पर फेंक दिया था।

पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share This Article