Starlink recruitment:
नई दिल्ली, एजेंसियां। एलन मस्क की कंपनी SpaceX की सैटेलाइट ब्रॉडबैंड शाखा Starlink ने भारतीय बाजार में प्रवेश की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने बेंगलुरु को अपना भारतीय मुख्यालय घोषित करते हुए भर्ती अभियान शुरू किया है। यह कदम Starlink के स्थानीय परिचालन को सुदृढ़ करने और नियामकीय अनुपालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, भर्ती अभियान का पहला चरण फाइनेंस और अकाउंटिंग विभाग पर केंद्रित है। SpaceX के करियर पोर्टल और लिंक्डइन पर जारी सूचनाओं के अनुसार,
Starlink ने चार प्रमुख पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं —
• अकाउंटिंग मैनेजर: वित्तीय रिपोर्टिंग और अनुपालन की निगरानी
• पेमेंट्स मैनेजर: UPI, RuPay और कार्ड पेमेंट्स की प्रोसेसिंग और जोखिम प्रबंधन
• सीनियर ट्रेजरी एनालिस्ट: विदेशी मुद्रा संचालन और ट्रेजरी सिस्टम की निगरानी
• टैक्स मैनेजर: प्रत्यक्ष-परोक्क्ष कर अनुपालन और ट्रांसफर प्राइसिंग समन्वय
ये सभी पद 100% ऑनसाइट (बेंगलुरु) होंगे, यानी रिमोट वर्क की अनुमति नहीं होगी। केवल भारत में वैध कार्य अनुमति वाले उम्मीदवार ही आवेदन कर सकेंगे।
भारत में वाणिज्यिक लॉन्चिंग की तैयारी:
Starlink की भारत में वाणिज्यिक लॉन्चिंग की तैयारी 2025 के अंत या 2026 की शुरुआत तक पूरी हो सकती है। कंपनी वर्तमान में दूरसंचार विभाग (DoT) और सुरक्षा एजेंसियों के साथ अंतिम मंजूरियों की प्रक्रिया में है। बताया जा रहा है कि Starlink ने अपनी Gen 1 सैटेलाइट प्रणाली के तहत 600 Gbps क्षमता के लिए आवेदन किया है और परीक्षण के लिए 100 टर्मिनल आयात की अनुमति मिली है।
सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह शर्त रखी है कि केवल भारतीय नागरिक ही कंपनी के गेटवे स्टेशनों का संचालन कर सकेंगे। Starlink का यह कदम भारत में Jio Satellite और Airtel OneWeb जैसे प्रतिस्पर्धियों को कड़ी चुनौती देने वाला साबित हो सकता है।
इसे भी पढ़ें
Starlink: भारत में जल्द शुरू होगी Starlink सेवा, अब गांव-गांव पहुंचेगा सैटेलाइट इंटरनेट


















