Pizza delivery boy prank video: पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय को सड़क पर मिली पुरानी क्लासमेट, मजाक बनाकर बनाया वीडियो; सोशल मीडिया पर भड़के लोग

3 Min Read

Pizza delivery boy prank video

नई दिल्ली, एजेंसियां। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो अक्सर मनोरंजन का साधन होते हैं, लेकिन कई बार वे समाज की कड़वी सच्चाई भी सामने लाते हैं। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें एक पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय की मुलाकात सड़क पर उसकी पुरानी क्लासमेट से होती है। यह मुलाकात जहां दोस्ती और अपनापन दिखा सकती थी, वहीं लड़की के मजाक और तंज के कारण विवाद का कारण बन गई।

वायरल वीडियो में क्या है?

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय बेहद सादगी और शालीनता से अपनी स्कूल की दोस्त से बातचीत करता है। वहीं उसकी क्लासमेट उसके पेशे को लेकर मजाक उड़ाती है और इस पूरे पल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देती है। वीडियो में लड़का मुस्कुराता जरूर है, लेकिन उसकी आंखों में दर्द और असहजता साफ नजर आती है। वीडियो के साथ लिखा गया कैप्शन भी लोगों को भावुक कर गया-“उसकी आंखों में दर्द है… ऐसा कभी मत करना, वह अभी भी अपनी जिंदगी में कुछ कर रहा है।”

वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वायरल हो रहे इस क्लिप को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं। कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने लड़की के व्यवहार की कड़ी आलोचना की और डिलीवरी ब्वॉय की मेहनत और सम्मानजनक रवैये की जमकर तारीफ की।

एक यूजर ने लिखा

एक यूजर ने लिखा, “कम से कम वह ईमानदारी से मेहनत कर रहा है, शर्म आनी चाहिए मजाक उड़ाने वालों को।” वहीं दूसरे ने कहा, “उसकी मुस्कान के पीछे छिपा दर्द सिर्फ वही समझ सकता है, जिसने संघर्ष देखा हो।” कई लोगों ने उम्मीद जताई कि डिलीवरी ब्वॉय की मेहनत एक दिन जरूर रंग लाएगी।

यह वीडियो न सिर्फ सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना, बल्कि लोगों को यह सोचने पर भी मजबूर कर गया कि किसी के पेशे का मजाक उड़ाना कितना अमानवीय और असंवेदनशील हो सकता है।

Share This Article