SMS from number 127000 fraud
नई दिल्ली, एजेंसियां। कई मोबाइल यूजर्स के फोन पर इन दिनों 127000 नंबर से SMS आ रहे हैं, जिसके कारण लोग चिंतित हैं कि कहीं यह कोई स्पैम या फ्रॉड तो नहीं। लेकिन इसकी सच्चाई बिल्कुल अलग है। 127000 से आने वाला मैसेज न तो धोखाधड़ी है और न ही किसी तरह का स्पैम। यह TRAI और RBI का आधिकारिक संदेश है, जिसे एक संयुक्त टेस्ट प्रोजेक्ट के तहत भेजा जा रहा है।
प्रोजेक्ट का उद्देश्य
दरअसल, दोनों संस्थाएं Digital Consent Acquisition (DCA) नामक प्रोजेक्ट चला रही हैं। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य उपभोक्ताओं को प्रमोशनल SMS पर बेहतर नियंत्रण देना है। कई बार बैंक या अन्य कंपनियां पेपर फॉर्म भरवाकर यूजर्स से प्रमोशनल मैसेज भेजने की अनुमति ले लेती हैं, जिसे बाद में हटाना मुश्किल हो जाता है। परिणामस्वरूप यूजर्स को लगातार अनचाहे SMS मिलते रहते हैं।
इसी समस्या को खत्म करने के लिए TRAI और RBI ने यह डिजिटल कन्सेंट टेस्ट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस प्रक्रिया के तहत कंपनियां पहले से ली गई पेपर फॉर्म वाली परमिशन को एक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करेंगी। इसके बाद यूजर्स को 127000 नंबर से एक SMS भेजा जाता है, जिसमें एक लिंक दिया जाता है। यह लिंक यूजर को कन्सेंट मैनेजमेंट पेज पर ले जाता है, जहां वे देख सकते हैं कि किस-किस कंपनी ने उनके लिए प्रमोशनल SMS की अनुमति ले रखी है। यूजर चाहे तो इन परमिशन को जारी रख सकता है या तुरंत हटा सकता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह पूरी प्रक्रिया पूरी तरह वैकल्पिक है। यानी अगर कोई यूजर इस मैसेज पर कोई कार्रवाई नहीं करना चाहता, तब भी उसकी सेवा या सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यह मैसेज पूरी तरह आधिकारिक और सुरक्षित है, इसलिए घबराने या इसे फ्रॉड समझने की जरूरत नहीं है।
