Smriti Mandhana
नई दिल्ली, एजेंसियां। साल 2025 स्मृति मंधाना के लिए यादगार साबित हुआ। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओपनर मंधाना ने वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय में अब तक 1,703 रन बनाए हैं, जो किसी महिला खिलाड़ी द्वारा एक साल में बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। अब वह पुरुष और महिला दोनों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनने के लिए सिर्फ 62 रन दूर हैं, जिससे शुभमन गिल का रिकॉर्ड टूट जाएगा।
मंधाना की तूफानी पारी
मंधाना ने वनडे में 1,362 रन और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 341 रन बनाए। श्रीलंका के खिलाफ चौथे टी20 मैच में उन्होंने 48 गेंदों में 80 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल थे। इस पारी से भारत ने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना सर्वोच्च स्कोर 221/2 बनाया और श्रीलंका को 30 रन से हराकर सीरीज में 4-0 की अजेय बढ़त बनाई।
साल 2025 में मंधाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने वाली दूसरी भारतीय महिला और चौथी महिला बल्लेबाज बनीं। टेस्ट में 629, वनडे में 5,322 और टी20 में 4,102 रन उनके नाम हैं। उनकी निरंतरता और तेज रन गति ने भारतीय महिला टीम की सफलता में अहम योगदान दिया।






