Reliance Foundation Hospital: सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल ने रचा इतिहास, भारत का पहला टेली-रोबोटिक सर्जरी प्रोग्राम लॉन्च

3 Min Read

Reliance Foundation Hospital

मुंबई,एजेंसियां। मुंबई स्थित सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल (एचएनआरएफएच) ने भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश का पहला टेली-रोबोटिक सर्जरी प्रोग्राम लॉन्च किया है। यह अत्याधुनिक पहल धीरूभाई अंबानी ऑक्यूपेशनल हेल्थ (DAOH) और कम्युनिटी मेडिकल सेंटर, जामनगर के सहयोग से शुरू की गई है। इस प्रोग्राम की नींव रिलायंस जियो की तेज, सुरक्षित और रियल-टाइम डिजिटल कनेक्टिविटी पर आधारित है, जिससे सर्जरी के दौरान बिना किसी बाधा के सटीक और सुरक्षित संचालन संभव हो सका।

दूर बैठे विशेषज्ञ करेंगे सर्जरी

इस टेली-रोबोटिक सर्जरी प्रोग्राम के तहत अब मुंबई में मौजूद एचएनआरएफएच के विशेषज्ञ डॉक्टर देश के अन्य शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी कर सकेंगे या वहां के सर्जनों को रियल-टाइम मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। इससे छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों के मरीजों को अपने क्षेत्र में ही विश्वस्तरीय सर्जिकल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे उन्हें बड़े शहरों में इलाज के लिए लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

जामनगर में पहली सर्जरी रही सफल

इस प्रोग्राम के तहत पहली टेली-रोबोटिक सर्जरी गुजरात के जामनगर स्थित कम्युनिटी मेडिकल सेंटर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह सर्जरी यूरोलॉजी-ऑन्कोलॉजी विभाग के नेतृत्व में की गई, जिसे भारत में टेलीमेडिसिन और रोबोटिक सर्जरी के क्षेत्र में एक मील का पत्थर माना जा रहा है।

स्वदेशी तकनीक और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा

इस पहल में अत्याधुनिक स्वदेशी रोबोटिक सर्जरी सिस्टम का उपयोग किया गया है। जियो की सुरक्षित डिजिटल तकनीक के सहयोग से रियल-टाइम कंट्रोल और समन्वय संभव हुआ। यह न केवल मरीजों के लिए लाभकारी है, बल्कि स्थानीय मेडिकल टीमों के प्रशिक्षण और क्षमता विकास में भी सहायक सिद्ध होगा, जिससे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।

नेतृत्व की प्रतिक्रिया

एचएनआरएफएच के ग्रुप सीईओ डॉ. तरंग गियानचंदानी ने कहा कि उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं केवल महानगरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। वहीं जियो प्लेटफॉर्म्स के सीओओ अनीश शाह ने इसे डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर की ताकत का उत्कृष्ट उदाहरण बताया, जो जीवनरक्षक इलाज को हर कोने तक पहुंचाने में सक्षम है।

Share This Article