Zubeen Garg: जुबीन गर्ग की रहस्यमयी मौत पर सिंगापुर पुलिस ने किया किसी साजिश इनकार, जांच जारी

3 Min Read

Zubeen Garg

दिसपुर, एजेंसियां। असम के मशहूर दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले में सिंगापुर पुलिस ने बड़ा बयान जारी किया है। सिंगापुर पुलिस बल (SPF) ने स्पष्ट किया है कि इस मामले की जांच अभी जारी है, लेकिन अब तक उनकी जांच में किसी भी तरह की साजिश या आपराधिक गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं। जुबीन गर्ग की 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसके बाद यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गया था।

सिंगापुर पुलिस ने गुरुवार को कहा

सिंगापुर पुलिस ने गुरुवार को कहा कि मामले की जांच सिंगापुर कोरोनर्स अधिनियम 2010 के तहत की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर गर्ग की मौत में किसी तरह की साजिश का संदेह नहीं है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद निष्कर्ष सिंगापुर के राज्य कोरोनर को सौंपे जाएंगे, जो इस पर औपचारिक कोरोनर जांच (Coroner’s Inquiry) आयोजित करेंगे।

एसपीएफ ने यह बताया

एसपीएफ ने बताया कि यह कोरोनर जांच जनवरी और फरवरी 2026 के बीच प्रस्तावित है। यह एक तथ्य-खोज प्रक्रिया होगी, जिसका उद्देश्य जुबीन गर्ग की मौत के कारणों और उससे जुड़े हालातों को स्पष्ट करना है। जांच पूरी होने के बाद इसके निष्कर्ष सार्वजनिक किए जाएंगे। पुलिस ने यह भी कहा कि वह मामले की निष्पक्ष और पेशेवर तरीके से जांच करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।सिंगापुर पुलिस ने जनता और संबंधित पक्षों से धैर्य रखने की अपील की है और कहा है कि किसी भी तरह की अटकलों और अपुष्ट जानकारी को फैलाने से बचा जाए।

क्या है मामला?

गौरतलब है कि भारत में इस मामले ने अलग मोड़ ले लिया है। असम पुलिस की विशेष जांच टीम ने हाल ही में एक अदालत में दायर आरोपपत्र में जुबीन गर्ग के सचिव सिद्धार्थ शर्मा, महोत्सव आयोजक श्यामकानू महंता सहित चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि मैनेजर ने गर्ग को नशे की हालत में समुद्र में तैरने के लिए उकसाया था। जुबीन गर्ग को 20 सितंबर को सिंगापुर में आयोजित पूर्वोत्तर भारत महोत्सव में प्रस्तुति देनी थी, लेकिन उससे एक दिन पहले ही उनकी मौत हो गई।

Share This Article