Kanpur Lamborghini accident case: कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसे मामले में तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

3 Min Read

Kanpur Lamborghini accident case

कानपुर, एजेंसियां। यूपी के कानपुर में हुए हाई-प्रोफाइल लैंबॉर्गिनी हादसे में पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम को पुलिस ने उसके घर से दबोचा। गिरफ्तारी के बाद मेडिकल परीक्षण कर उसे अदालत में पेश किया गया।

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि 35 वर्षीय शिवम मिश्रा को चार दिन की तलाश के बाद गिरफ्तार किया गया। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक सूचना मिली थी कि शिवम कानपुर में ही मौजूद है, जिसके बाद पांच टीमें गठित कर कार्रवाई की गई।

क्या है पूरा मामला?

रविवार दोपहर करीब तीन बजे वीआईपी रोड (ग्वालटोली क्षेत्र) में 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की लैंबॉर्गिनी रेवुएल्टो बेकाबू होकर ऑटो और बुलेट सवारों से टकरा गई और फुटपाथ पर चढ़ गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए।

घायलों में 18 वर्षीय ई-रिक्शा चालक मोहम्मद तौफीक, बुलेट सवार विशाल त्रिपाठी और सोनू त्रिपाठी समेत अन्य शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लैंबॉर्गिनी के पीछे चल रही कार से आए बाउंसरों ने भीड़ को हटाने की कोशिश की और कार का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकालकर निजी अस्पताल भेजा गया।

ड्राइवर को लेकर नया मोड़

बुधवार को मामले में नया मोड़ तब आया जब मोहन नाम के एक व्यक्ति ने खुद को कार का ड्राइवर बताते हुए दावा किया कि हादसे के समय शिवम नहीं, बल्कि वही गाड़ी चला रहा था। हालांकि पुलिस ने इस दावे को खारिज कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि जांच में मिले सबूतों से स्पष्ट है कि दुर्घटना के समय कार शिवम मिश्रा ही चला रहे थे।

नोटिस और कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि आरोपी को धारा 41A के तहत नोटिस दिया गया था, जिसे रिसीव नहीं किया गया। इसके बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। पुलिस ने लैंबॉर्गिनी कार को पहले ही सीज कर लिया था।

मामले की जांच जारी

फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद शहर में रईसजादों की तेज रफ्तार और वीआईपी संस्कृति को लेकर भी बहस तेज हो गई है।

Share This Article
Exit mobile version