Sharad Pawar health news
मुंबई, एजेंसियां। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख शरद पवार की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें बारामती से पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। उन्हें खांसी और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत है। शरद पवार के कार्यालय की ओर से बताया गया कि डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरी मेडिकल जांचें की जा रही हैं। फिलहाल उनकी स्थिति की गंभीरता को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
जानकारी के मुताबिक
जानकारी के मुताबिक, शरद पवार को रात से ही लगातार खांसी हो रही थी और सीने में जकड़न महसूस हो रही थी, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। एनसीपी प्रमुख के भतीजे श्रीनिवास पवार ने बताया कि एहतियात के तौर पर उन्हें भर्ती कराया गया है।
अस्पताल पहुंचने पर उनकी पत्नी प्रतिभा पवार, बेटी सुप्रिया सुले और दामाद सादनंद सुले भी उनके साथ मौजूद रहे। रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. परवेज ग्रांट ने कहा कि डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम उनकी जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे का इलाज तय किया जाएगा।
गौरतलब है कि शरद पवार देश की राजनीति के सबसे अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और 1999 में एनसीपी की स्थापना की थी। इसके अलावा वह ओरल कैंसर के सर्वाइवर भी हैं और 1990 के दशक में भारत व अमेरिका में उनका इलाज हो चुका है। फिलहाल डॉक्टर उनकी सेहत पर कड़ी निगरानी रखे हुए हैं।

















