Wall collapse in Jaitpur:
नई दिल्ली, एजेंसियां। दक्षिण-पूर्व दिल्ली के जैतपुर स्थित हरिनगर पार्ट-2 में शनिवार सुबह भारी बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ। यहां एक समाधि स्थल की ऊंची दीवार अचानक पास की झुग्गियों पर गिर गई। बता दें हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर है।
दीवार का मलबा झुग्गियों पर गिरा
हादसा शनिवार सुबह करीब 9.13 बजे हुआ, जब दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार का मलबा झुग्गियों पर गिरा, जिनमें पश्चिम बंगाल और असम से आए लोग रहते थे। पुलिस और दमकल विभाग ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, और आठ लोगों को मलबे से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल लोगों को एम्स ट्रामा सेंटर और सफदरजंग अस्पताल भेजा गया, लेकिन दो मासूमों समेत सात लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस जांच:
पुलिस ने लापरवाही से मौत और चोटें पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान पता चला कि समाधि स्थल की दीवार में कॉलम नहीं थे और दीवार 14 इंच चौड़ी थी। बारिश के कारण दीवार की बुनियाद कमजोर हो गई और दीवार झुग्गियों की ओर गिर गई।
स्थानीय प्रतिक्रिया:
स्थानीय लोगों का कहना है कि दीवार के निर्माण में लापरवाही बरती गई थी, खासकर कॉलम की कमी के कारण दीवार आसानी से गिर गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है, और समाधि स्थल के मालिकों से भी पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल पर पुलिस, दमकल की आठ गाड़ियां, एनडीआरएफ, नगर निगम और एंबुलेंस की टीमें मौजूद थीं। जेसीबी की मदद से मलबा हटाया गया।
इसे भी पढ़ें






