Stock market:
नई दिल्ली, एजेंसियां। मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में हलचल देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान पर खुले, लेकिन कुछ ही देर बाद इनमें गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स 250 अंकों की तेजी
सेंसेक्स 250 अंकों की तेजी के साथ 80,500 के पार पहुंचा था, जबकि निफ्टी 24,700 अंकों से ऊपर कारोबार कर रहा था। हालांकि, बाद में मुनाफावसूली के चलते दोनों सूचकांक नीचे आ गए। फिलहाल सेंसेक्स 18 अंकों की हल्की बढ़त के साथ 80,383.33 पर और निफ्टी 8 अंकों की बढ़त के साथ 24,643.15 पर कारोबार कर रहा है।
बाजार की शुरुआती मजबूती
बाजार की शुरुआती मजबूती में बैंकिंग और चुनिंदा दिग्गज शेयरों की खरीदारी का योगदान रहा। सेंसेक्स के शेयरों में पावर ग्रिड, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, टाइटन और आईसीआईसीआई बैंक बढ़त में रहे। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी और एलएनटी के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
पिछले सात कारोबारी दिनों में सेंसेक्स 2,649 अंक और निफ्टी 788 अंक टूट चुके हैं। सोमवार को सेंसेक्स 61 अंक गिरकर 80,364 पर और निफ्टी 19 अंक फिसलकर 24,634 पर बंद हुआ था। विदेशी निवेशकों (FII) ने सोमवार को 2,831 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू निवेशकों (DII) ने 3,845 करोड़ रुपये की खरीदारी की।
एशियाई बाजारों में आज मिश्रित रुख देखने को मिला। शंघाई कंपोजिट हरे निशान पर रहा, जबकि जापान का निक्केई, साउथ कोरिया का कोस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। वहीं, अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए।
इसे भी पढ़ें








