Sagarika Ghosh slams Modi: प्रधानमंत्री मोदी के “बंगाल जीत” बयान पर टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने कहा— ‘बंगाल डर, हिंसा और बंटवारे की राजनीति नहीं मानेगा

2 Min Read

Sagarika Ghosh slams Modi:

कोलकाता, एजेंसियां। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान पर तीखा पलटवार किया। पीएम मोदी ने दावा किया था कि भाजपा अगले विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में जीत दर्ज करेगी। इस पर सागरिका घोष ने कहा कि “बंगाल कभी भी भाजपा और मोदी की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगा।”

पीटीआई से बातचीत में सागरिका घोष ने कहा:

पीटीआई से बातचीत में सागरिका घोष ने कहा, “प्रधानमंत्री ने बंगाल को ऐसे जीतने की बात कही, जैसे यह कोई जमीन का टुकड़ा हो जिसे वे अपने बायोडाटा में जोड़ना चाहते हैं। लेकिन बंगाल पैसे, डर, हिंसा और बंटवारे की राजनीति नहीं स्वीकार करेगा।”उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना पीएम मोदी से करते हुए कहा, “ममता बनर्जी लोगों के बीच रहने वाली नेता हैं। वह ‘हवाई जहाज वाली नेता’ नहीं, जो चुनाव के समय उड़कर आएं और वोट मांगकर चली जाएं। वह 24 घंटे जनता के साथ रहती हैं।”सागरिका घोष ने राज्य सरकार की योजनाओं विशेषकर कन्याश्री का जिक्र करते हुए कहा कि यह महिला सशक्तिकरण की वास्तविक पहल है, न कि चुनावी रिश्वत।

केंद्र सरकार पर आरोप लगाया:

इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह मनरेगा और आवास योजना जैसे कार्यक्रमों के पैसे रोककर बंगाल का “हक” छीन रही है। उन्होंने कहा, “बंगाल कभी ऐसी सरकार के आगे नहीं झुकेगा जो संघीय ढांचे और संविधान को कमजोर कर रही है।”सागरिका ने यह भी आरोप लगाया कि बंगाल के लोगों को देश के कई हिस्सों में सिर्फ बांग्ला भाषा बोलने के कारण निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा, “हमारी भाषा और संस्कृति पर चोट की गई है। बंगाल इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। हम विवेकानंद, नेताजी और टैगोर के अनुयायी हैं हम भाजपा से लड़ेंगे और जीतेंगे।”

पीएम मोदी ने शुक्रवार को कहा था कि बिहार में एनडीए की जीत से बंगाल में भाजपा की जीत का मार्ग खुल गया है। सागरिका का बयान उसी पर प्रतिक्रिया माना जा रहा है।

Share This Article