Maharashtra Police में बड़ा बदलाव: IPS सदानंद दाते बने नए DGP, 3 जनवरी को लेंगे पद ग्रहण

2 Min Read

Maharashtra Police

मुंबई, एजेंसियां। नए साल से पहले महाराष्ट्र पुलिस में बड़ा बदलाव हुआ है। भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी और पूर्व NIA चीफ सदानंद वसंत दाते को महाराष्ट्र का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया गया है। वे 3 जनवरी 2026 को पद ग्रहण करेंगे। वर्तमान DGP रश्मि शुक्ला का कार्यकाल उसी दिन समाप्त हो रहा है। दाते का इस पद पर कार्यकाल दो साल का होगा, जो उनकी नियुक्ति तिथि से लागू होगा।

कौन है सदानंद दाते

सदानंद दाते ने 1 अप्रैल 2024 से नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) के डायरेक्टर जनरल के रूप में कार्य किया है। इससे पहले वे सीबीआई में डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल, महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) के प्रमुख और मुंबई, मीरा-भायंदर तथा वसई-विरार क्षेत्र के पुलिस कमिश्नर पद पर सेवाएं दे चुके हैं।

सदानंद दाते ने कॉमर्स में पोस्टग्रेजुएशन किया है और सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट (Ph.D.) की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया से क्वालिफाइड कॉस्ट और मैनेजमेंट अकाउंटेंट की योग्यता हासिल की है और मिनेसोटा यूनिवर्सिटी के हम्फ्रे फेलोशिप प्रोग्राम के तहत व्हाइट-कॉलर और संगठित अपराध नियंत्रण की पढ़ाई भी की है।

वे 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल में सबसे पहले पहुंचे अधिकारियों में शामिल थे और आतंकवादियों से मुकाबला कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किए गए।

Share This Article