Rupee vs Dollar today:
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय रुपए का अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को रुपये ने तीन पैसे की गिरावट दर्ज की और 88.82 प्रति डॉलर के अब तक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। इससे पहले शुक्रवार को भी रुपया आठ पैसे की गिरावट के साथ 88.79 पर बंद हुआ था। विदेशी बाजार में डॉलर के मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने घरेलू मुद्रा पर दबाव डाला।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, अमेरिकी डॉलर और भारतीय रुपये ने सीमित दायरे में कारोबार किया। अमेरिकी डॉलर की मजबूती और कच्चे तेल की रातोंरात बढ़ती कीमतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती रुपये को थोड़ी राहत देती रही। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 88.75 पर खुला और कारोबार के अंत में 88.82 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
शोध विश्लेषक अनुज चौधरी का कहना
मिराए एसेट शेयरखान के मुद्रा एवं जिंस के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी का कहना है कि घरेलू बाजारों में मजबूती और अमेरिकी डॉलर में समग्र कमजोरी से रुपये का रुख सकारात्मक रह सकता है। इसके साथ ही वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी भी रुपये के लिए लाभकारी हो सकती है। हालांकि, डॉलर की बढ़ती मांग आयातकों की ओर से रुपये की कमजोरी को रोक सकती है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि डॉलर/रुपये की हाजिर कीमत 88.50 से 89 के बीच रहने की संभावना है।
वैश्विक परिदृश्य
वैश्विक परिदृश्य में छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर सूचकांक 0.73 प्रतिशत बढ़कर 98.43 पर आ गया। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 582.95 अंक उछलकर 81,790.12 अंक पर और निफ्टी 183.40 अंक की बढ़त के साथ 25,077.65 अंक पर बंद हुआ। वहीं ब्रेंट क्रूड का भाव 1.61 प्रतिशत बढ़कर 65.58 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को शुद्ध रूप से 1,583.37 करोड़ रुपये के शेयर बेचते हुए बिकवाल रहे।
रुपया फिलहाल डॉलर के मुकाबले दबाव में दिख रहा है, लेकिन घरेलू बाजारों की मजबूती और वैश्विक तेल की कीमतों में बदलाव रुपये की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें
Dollar:रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर, डॉलर के मुकाबले 10 पैसे गिरकर ₹88.49 पर पहुंचा








