VHP protests in Delhi
नई दिल्ली, एजेंसियां। बांग्लादेश में कुछ दिन पहले ही हुए एक हिंदू युवक की हत्या की घटना को लेकर भारत में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और अन्य हिंदू संगठनों ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमिशन के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों का विरोध करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
क्या है मामला?
बताया जा रहा है कि बांग्लादेश में उस्मान हादी की हत्या के विरोध में हो रहे प्रदर्शन के दौरान दीपू चंद्र दास नामक एक हिंदू युवक की उग्र भीड़ द्वारा हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से ही बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता बैनर और नारेबाजी के साथ बांग्लादेश हाई कमिशन के सामने जुटे और बांग्लादेश सरकार से हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन का कहना है कि बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
सोशल मीडिया और सड़कों में विरोध प्रदर्शन
इस घटना को लेकर सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। भारत के अलावा नेपाल में भी हिंदू संगठनों और सामाजिक समूहों ने इस मामले को लेकर प्रदर्शन किया है। फिलहाल इस मुद्दे पर दोनों देशों में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।







