Ronnie Screwvala: बेसमेंट से बिलियन डॉलर तक का सफर: रॉनी स्क्रूवाला बने बॉलीवुड के सबसे अमीर व्यक्ति, शाहरुख भी पीछे रह गए

2 Min Read

Ronnie Screwvala:

नई दिल्ली, एजेंसियां। बॉलीवुड में लाखों लोग अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष करते हैं, लेकिन बहुत कम लोग हैं जो अपनी मेहनत और जिद से असंभव को संभव बना पाते हैं। ऐसे ही एक नाम हैं रॉनी स्क्रूवाला, जो अब बॉलीवुड के सबसे अमीर व्यक्ति बन चुके हैं। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 के अनुसार, रॉनी की कुल संपत्ति 1.5 बिलियन डॉलर (करीब ₹13,314 करोड़) है। उन्होंने इस मामले में शाहरुख खान (₹12,500 करोड़) को भी पीछे छोड़ दिया है।

बेसमेंट से शुरू हुआ सफर, तीन बार हुए दिवालिया

रॉनी स्क्रूवाला का सफर संघर्षों से भरा रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक टूथब्रश मैन्युफैक्चरिंग कंपनी से की थी, लेकिन जल्द ही फिल्मों की दुनिया में कदम रखा और UTV प्रोडक्शन कंपनी की स्थापना की। उनके बैनर तले स्वदेस, रंग दे बसंती, जोधा अकबर और अ वेडनेसडे जैसी सुपरहिट फिल्में बनीं।
हालांकि, इस सफलता से पहले रॉनी तीन बार दिवालिया (bankrupt) हुए। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा भी आया जब वह अपने कर्मचारियों को वेतन नहीं दे पाए। लेकिन उनके कर्मचारियों ने ही उनका हौसला बढ़ाया और कहा कि वे उनके साथ हैं। यही भरोसा उनकी सफलता की असली नींव बना।

डिज्नी को बेची कंपनी, फिर की शानदार वापसी

बाद में रॉनी ने अपनी कंपनी UTV को डिज्नी को 1.4 बिलियन डॉलर में बेच दिया, जिससे उन्हें बड़ी सफलता मिली। कुछ साल बाद उन्होंने RSVP Movies के नाम से नया प्रोडक्शन हाउस शुरू किया, जिसने लव पर स्क्वायर फुट और लस्ट स्टोरीज जैसी चर्चित फिल्में दीं।

प्रेरणा का स्रोत बने रॉनी

आज रॉनी स्क्रूवाला सिर्फ फिल्म निर्माता ही नहीं, बल्कि एक प्रेरणादायक उद्यमी भी हैं। वह कहते हैं “असफलता सफलता की सबसे बड़ी शिक्षक होती है।” उनकी कहानी इस बात का सबूत है कि हार मानने के बजाय हर गिरावट के बाद उठना ही असली जीत है।

इसे भी पढ़ें

Raveena Tandon: आवारा कुत्तों को पकड़ने के आदेश पर रवीना टंडन ने जताई चिंता

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं