Rohit Shetty house firing case:
मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर हुई फायरिंग की घटना ने मनोरंजन उद्योग में हलचल मचा दी है। इस घटना के बाद प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने भी अपना अधिकारिक बयान जारी कर गहरी चिंता और नाराजगी जताई है। गिल्ड का कहना है कि इस तरह की घटनाएं मुंबई जैसी प्रतिष्ठित और सुरक्षित शहर की पहचान को नुकसान पहुंचाती हैं।
गिल्ड ने अपने बयान में कहा
गिल्ड ने अपने बयान में कहा कि रोहित शेट्टी केवल एक सफल फिल्म निर्माता ही नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री के एक सम्मानित सदस्य भी हैं। उनके घर को निशाना बनाना पूरी इंडस्ट्री के लिए चिंता का विषय है और इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर बताया और कहा कि किसी भी हालत में इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
प्रोड्यूसर्स गिल्ड ने मुंबई में सुरक्षा और भरोसे का महत्व भी उजागर किया। गिल्ड ने कहा, “मुंबई ऐसा शहर है जहां आम लोग और बड़े कलाकार दोनों खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। यही सुरक्षा और भरोसा इस शहर को देश की कंटेंट प्रोडक्शन कैपिटल बनाता है। फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी शोज की शूटिंग के लिए मुंबई पहली पसंद इसलिए भी है क्योंकि यहां सुरक्षित माहौल मिलता है। लेकिन इस तरह की घटनाएं उस भरोसे को कमजोर करती हैं।”
गिल्ड ने सख्त कार्रवाई की अपील
गिल्ड ने सख्त कार्रवाई की अपील की और सभी संबंधित सरकारी और पुलिस अधिकारियों से कहा कि इस मामले में जल्दी कार्रवाई की जाए और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए। उन्होंने जोर दिया कि हिंसक घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि समाज में स्पष्ट संदेश जाए कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।इस बयान से यह साफ है कि बॉलीवुड इंडस्ट्री सुरक्षा और सम्मान को लेकर संवेदनशील है और रोहित शेट्टी पर हुए हमले को गंभीरता से ले रही है।







