Rohit Sharma Padma Shri: पद्म श्री मिलने पर रोहित शर्मा हुए भावुक, भारत सरकार का जताया आभार

3 Min Read

Rohit Sharma Padma Shri:

नई दिल्ली, एजेंसियां। पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किए जाने पर उन्होंने खुशी और गर्व जताया है। रोहित ने इस सम्मान को अपने और अपने परिवार के लिए बेहद खास पल बताया और भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह आगे भी भारत के लिए मैच जीतने और देश का नाम रोशन करने की कोशिश करते रहेंगे।

भारत सरकार और सहयोगियों को कहा धन्यवाद

दूरदर्शन स्पोर्ट्स द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए एक वीडियो में रोहित शर्मा ने कहा,“पद्म श्री मिलना मेरे और मेरे परिवार के लिए बहुत खास पल है। मैं इस सम्मान के लिए भारत सरकार का धन्यवाद करता हूं। मैं उन सभी लोगों का भी आभारी हूं जिन्होंने मेरे पूरे क्रिकेट सफर में मेरा साथ दिया। अपने देश के लिए मैच और ट्रॉफियां जीतने की मेरी कोशिश हमेशा जारी रहेगी। जय हिंद।”

इन खिलाड़ियों को भी मिला पद्म सम्मान

इस साल कुल 8 खिलाड़ियों को पद्म अवॉर्ड के लिए चुना गया है। इनमें पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है, जबकि रोहित शर्मा सहित सात खिलाड़ियों को पद्म श्री अवॉर्ड मिला है। इस सूची में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर का नाम भी शामिल है।

रोहित शर्मा का शानदार क्रिकेट करियर

रोहित शर्मा ने साल 2007 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। पिछले लगभग 19 वर्षों में उन्होंने बल्लेबाज और कप्तान दोनों रूपों में भारतीय क्रिकेट पर गहरी छाप छोड़ी है। उनकी कप्तानी में भारत ने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप और 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं।

तीनों फॉर्मेट में दमदार प्रदर्शन

रोहित ने टेस्ट क्रिकेट में 67 मैचों में 4,300 से ज्यादा रन बनाए, जबकि वनडे में 11,500 से अधिक रन उनके नाम हैं। टी20 इंटरनेशनल में भी उन्होंने 4,231 से ज्यादा रन बनाए। टेस्ट और टी20 से संन्यास के बाद अब उनका फोकस वनडे क्रिकेट और 2027 वर्ल्ड कप पर है।

Share This Article