Roadways bus reaches village
शिमला, एजेंसियां। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग तहसील में स्थित तुमन गांव में पहली बार रोडवेज बस पहुंची, जिसे लेकर पूरे गांव में खुशी का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से गांव वालों ने रोडवेज बस की मांग की थी, क्योंकि इससे पहले उन्हें बस सुविधा नहीं मिलती थी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही बस गांव में प्रवेश करती है, लोग सड़क और घरों की छतों पर खड़े होकर उसका स्वागत करते हैं।
रिबन काटकर बस का स्वागत
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गांव वालों ने बस का स्वागत रिबन काटकर किया। कुछ लोग सड़क पर रिबन बिछाकर बस को रुकवाते हैं और जैसे ही बस रिबन कटिंग के बाद आगे बढ़ती है, लोग ताली बजाते हैं और फूल बरसाते हैं। यह दृश्य गांव वालों की खुशी और उत्साह को पूरी तरह दिखाता है।
बताया जा रहा है कि ग्रामीण बस सुविधा के आने से अब शहरों और आसपास के क्षेत्रों से आसान आवागमन कर पाएंगे, जिससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी में काफी राहत आएगी। सोशल मीडिया पर वीडियो से शेयर किया गया है, जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और पसंद किया है। यूजर्स ने भी वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए गांव वालों की खुशी की तारीफ की है और इसे प्रेरणादायक पल बताया है। तुमन गांव में बस सुविधा की शुरुआत से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और अन्य रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बड़े शहरों तक पहुंचना अब पहले से आसान होगा। यह कदम क्षेत्र में परिवहन के विकास और ग्रामीण जीवन में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






