Ritu Tawde Mumbai Mayor
मुंबई, एजेंसियां। मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में मेयर पद को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की रितु तावड़े मुंबई की नई मेयर निर्विरोध चुनी गई हैं, जबकि एकनाथ शिंदे की शिवसेना के नेता संजय घाडी डिप्टी मेयर बने हैं। दोनों का चुनाव बिना किसी विरोध के संपन्न हुआ। बीएसी चुनाव नतीजों के बाद से ही मेयर पद पर सबकी नजरें टिकी थीं। बीजेपी ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि मेयर पद उनकी पार्टी को मिलेगा, और अब यह आधिकारिक रूप से तय हो गया है।
44 साल बाद बीएमसी में बीजेपी का मेयर
मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित सताम ने इस मौके को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि 44 साल बाद बीएमसी में बीजेपी का मेयर बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुंबई की जनता ने शहर के विकास के लिए महायुति पर भरोसा जताया है और उसी विश्वास के आधार पर आज मेयर और डिप्टी मेयर की नियुक्ति हुई है।
उन्होंने रितु तावड़े और संजय घाडी को बधाई देते हुए कहा कि महायुति जनता से किए गए वादों को पूरा करेगी और विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाएगी।
कौन हैं रितु तावड़े?
रितु तावड़े महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष हैं। वे पूर्व नगरसेविका रह चुकी हैं और मुंबई महानगरपालिका की शिक्षण समिति (MCGM) की अध्यक्ष भी रही हैं। रितु तावड़े को जमीनी स्तर पर सक्रिय नेता के रूप में जाना जाता है। वे नागरिकों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करने के लिए पहचानी जाती हैं।
संजय घाडी बने डिप्टी मेयर
शिवसेना (शिंदे गुट) के वरिष्ठ नेता संजय घाडी को डिप्टी मेयर चुना गया है। वे संगठन में लंबे समय से सक्रिय हैं और नगर निगम के कामकाज का अनुभव रखते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उनके चयन में संगठन के प्रति वफादारी, प्रशासनिक समझ और अनुभव को प्राथमिकता दी गई। माना जा रहा है कि वे बीएमसी में शिवसेना (शिंदे गुट) की आवाज को मजबूती से रखेंगे।

















