Ritu Tawde Mumbai Mayor: मुंबई की नई मेयर रितु तावड़े का बड़ा बयान – “भगवा ही रहेगा मुंबई का रंग”

2 Min Read

Ritu Tawde Mumbai Mayor:

मुंबई, एजेंसियां। महाराष्ट्र की राजनीति में मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को लेकर एक बड़ा फैसला सामने आया है। भाजपा की रितु तावड़े मुंबई की नई मेयर बनने जा रही हैं, जबकि शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के संजय घाड़ी डिप्टी मेयर होंगे। नामांकन दाखिल करने के बाद रितु तावड़े ने कहा कि “मुंबई का रंग भगवा है और भगवा ही रहेगा”, जिसके बाद यह बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।

रितु तावड़े ने क्या कहा?

रितु तावड़े ने कहा कि भाजपा ने “हिंदू और मराठी मेयर” बनाने का जो वादा किया था, उसे पूरा किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई के बुनियादी मुद्दे जैसे सड़क, पानी, बिजली और इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही उन्होंने बीएमसी को भ्रष्टाचार-मुक्त बनाने और पिछले वर्षों में हुए कथित घोटालों की जांच कराने की बात कही।उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई को “बांग्लादेशी और रोहिंग्या मुक्त” बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे और फुटपाथों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को सुविधा मिल सके।

कैबिनेट मंत्री नितेश राणे ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी

मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने कहा कि पार्टी ने विकास का जो वादा किया है, उसे आने वाले समय में पूरा किया जाएगा। वहीं महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री नितेश राणे ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गठबंधन ने “हिंदू और मराठी मेयर” देने का अपना वादा निभाया है।शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता राहुल शेवाले ने भी महायुति गठबंधन के बहुमत का हवाला देते हुए विश्वास जताया कि बीएमसी में स्थिर नेतृत्व मिलेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष नामांकन भर सकता है, लेकिन जनता ने महायुति को समर्थन दिया है।मुंबई की नई मेयर के रूप में रितु तावड़े के नेतृत्व और उनके बयानों को लेकर अब राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

Share This Article