Ram Mandir Pran Pratistha anniversary: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा दिवस की दूसरी वर्षगांठ में भक्तों में दिखा उत्साह

Juli Gupta
2 Min Read

Ram Mandir Pran Pratistha anniversary:

नई दिल्ली, एजेंसियां। 22 जनवरी 2026 को अयोध्या समेत पूरे देश में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा दिवस पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। यह दिन केवल एक धार्मिक तिथि नहीं, बल्कि लगभग 500 वर्षों के संघर्ष, आस्था और विश्वास की ऐतिहासिक पूर्णता का प्रतीक है। इसी दिन श्रीरामलला अयोध्या के भव्य राम मंदिर में विधिवत प्राण प्रतिष्ठित हुए थे, जिसके बाद यह तिथि हर साल राम भक्तों के लिए विशेष महत्व रखती है।

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा दिवस

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा दिवस 2026 पर अयोध्या में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया गया है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। देशभर के राम भक्त सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए एक-दूसरे को शुभकामनाएं और भक्तिमय संदेश भेजकर इस दिन को और खास बना रहे हैं।

यह किस बात का प्रतीक है

यह अवसर इस बात का प्रतीक है कि जब आस्था अडिग होती है, तो इतिहास रचा जाता है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा ने करोड़ों लोगों के हृदय में श्रद्धा, मर्यादा और धर्म के भाव को और मजबूत किया है। भक्त मानते हैं कि राम मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति और सभ्यता का भी जीवंत प्रतीक है।

इस पावन दिन पर लोग अपने परिवार और मित्रों के लिए सुख, शांति, समृद्धि और सद्बुद्धि की कामना कर रहे हैं। भक्तिमय श्लोक, दोहे और शुभकामना संदेशों के माध्यम से श्रीराम के आदर्शों सत्य, धर्म और करुणा को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया जा रहा है।राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा दिवस 2026 ने एक बार फिर यह साबित किया है कि यह दिन केवल अतीत की याद नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य को दिशा देने वाली आस्था का उत्सव है। जय श्रीराम।

Share This Article