Rajpal Yadav: जल्द जेल से बाहर आएंगे राजपाल यादव, सलमान-अजय समेत कई सितारे मदद को आगे आये

3 Min Read

Rajpal Yadav

नई दिल्ली, एजेंसियां। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों एक पुराने चेक बाउंस मामले के चलते तिहाड़ जेल में बंद हैं। 5 फरवरी 2026 को उन्होंने दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर सरेंडर किया था। यह मामला करीब 9 करोड़ रुपये के बकाया से जुड़ा है, जो साल 2010 में उनकी फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए लिया गया कर्ज बताया जा रहा है। फिल्म के फ्लॉप होने के बाद रकम अदा नहीं हो सकी, जिस पर ब्याज और पेनल्टी बढ़ती गई। कोर्ट ने कई बार समय दिए जाने के बावजूद बकाया राशि का निपटारा न होने पर उन्हें 6 महीने की सजा सुनाई।

मैनेजर का बयान

सरेंडर से पहले राजपाल यादव ने भावुक होकर कहा था कि उनके पास पैसे नहीं हैं और मदद के लिए कोई दोस्त आगे नहीं आया। हालांकि अब उनके मैनेजर गोल्डी ने इस दावे पर स्थिति साफ की है। गोल्डी के मुताबिक, बॉलीवुड इंडस्ट्री राजपाल यादव के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि सोनू सूद के बाद सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन, डेविड धवन, गुरमीत चौधरी और गुरु रंधावा जैसे कई बड़े नाम मदद के लिए आगे आए हैं।
मैनेजर ने कहा, “कई लोग राजपाल भाई की मदद के लिए सामने आए हैं। सलमान खान, अजय देवगन और सोनू सूद जैसे कलाकारों ने समर्थन दिया है। डेविड धवन से भी बातचीत हुई है। राजपाल भाई इस एकजुटता की सराहना कर रहे हैं।”

12 फरवरी को बेल पर सुनवाई

मैनेजर ने यह भी बताया कि इतने बड़े लेन-देन में समय लगता है, लेकिन कानूनी प्रक्रिया जारी है। 12 फरवरी 2026 को बेल अर्जी पर सुनवाई होनी है और उम्मीद जताई जा रही है कि उन्हें राहत मिल सकती है। परिवार भी इस कठिन समय में मजबूत रहने की कोशिश कर रहा है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में घर पर एक पारिवारिक कार्यक्रम प्रस्तावित है और परिवार चाहता है कि उससे पहले राजपाल यादव रिहा हो जाएं।

मुश्किल वक्त में इंडस्ट्री का साथ

राजपाल यादव लंबे समय से हिंदी सिनेमा में अपनी कॉमिक टाइमिंग और दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाते हैं। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि कठिन समय में फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार एक-दूसरे के समर्थन में खड़े नजर आते हैं। अब सबकी नजर 12 फरवरी की सुनवाई पर टिकी है, जहां यह तय होगा कि क्या राजपाल यादव को जमानत मिलती है या नहीं।

Share This Article