Rajkummar Rao new look:
मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव का हालिया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनका लुक पहले से काफी बदला हुआ नजर आया। सिर पर कम बाल और बढ़ा हुआ वजन देखकर फैंस हैरान रह गए और कई लोगों ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई। हालांकि अब खुद अभिनेता ने सामने आकर इस बदलाव की असली वजह बता दी है।
हाल ही में राजकुमार मुंबई में एक शॉर्ट फिल्म इवेंट में पहुंचे थे, जिसका आयोजन कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने किया था। रेड कारपेट पर जब उन्होंने पोज दिए तो उनका बदला हुआ अंदाज कैमरों में कैद हो गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही फैंस सवाल करने लगे कि आखिर उनके लुक में इतना बड़ा बदलाव क्यों आया।
‘निकम’ के लिए किया बड़ा ट्रांसफॉर्मेशन
राजकुमार ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए खुलासा किया कि उन्होंने अपनी अगली बायोपिक Nikam की शूटिंग पूरी कर ली है। इस फिल्म में वह मशहूर लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम की भूमिका निभा रहे हैं। किरदार में ढलने के लिए उन्होंने करीब 9–10 किलो वजन बढ़ाया और अपने बाल भी पतले करवाए।उन्होंने बताया कि वह कृत्रिम मेकअप या प्रोस्थेटिक्स के बजाय शारीरिक मेहनत से किरदार के मुताबिक खुद को ढालना पसंद करते हैं। वजन बढ़ाने के लिए उन्होंने पिज्जा, मिठाइयां, आलू पराठा और बिरयानी जैसी चीजें खूब खाईं।
पहले भी कर चुके हैं एक्सट्रीम बदलाव
राजकुमार इससे पहले भी फिल्मों के लिए जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन कर चुके हैं। फिल्म Trapped के लिए उन्होंने काफी वजन कम किया था, जबकि Bose: Dead/Alive में वह आधे गंजे लुक में नजर आए थे। हाल के सालों में Stree और Stree 2 जैसी फिल्मों से भी उन्होंने दर्शकों का दिल जीता है।
अब ‘दादा’ बनने की तैयारी
राजकुमार ने यह भी बताया कि अब वह भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान Sourav Ganguly की बायोपिक की तैयारी में जुटने वाले हैं। इसके लिए उन्हें बढ़ा हुआ वजन कम कर गांगुली के अंदाज में ढलना होगा।उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि उनकी पहचान उनकी कला से है और वह हर किरदार के लिए पूरी ईमानदारी से मेहनत करते रहेंगे। वायरल वीडियो के बाद सामने आई इस सच्चाई ने फैंस को राहत दी है और अब लोग उनकी आने वाली फिल्मों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।













