Railway special trains: इंडिगो संकट के बीच रेलवे का बड़ा कदम, स्पेशल ट्रेनें और अतिरिक्त कोचों की घोषणा

3 Min Read

Railway special trains

नई दिल्ली, एजेंसियां। देशभर में इंडिगो की बड़ी संख्या में फ्लाइट रद्द होने के बाद यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। यात्रियों की सुविधा और यात्रा व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रेलवे ने नई स्पेशल ट्रेन सेवाएं शुरू की हैं, साथ ही कई प्रीमियम ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं।

सभी ट्रेनों का टाइम-टेबल

पश्चिम रेलवे ने अहमदाबाद–दिल्ली रूट पर बढ़ती मांग को देखते हुए ट्रेन ऑन डिमांड (TOD) के तहत साबरमती–दिल्ली जंक्शन सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह स्पेशल सेवा कुल चार फेरों के लिए उपलब्ध होगी। ट्रेन संख्या 09497 साबरमती से 7 और 9 दिसंबर को रात 22:55 बजे चलेगी और अगले दिन 15:15 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 09498 दिल्ली से 8 और 10 दिसंबर को रात 21:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 12:20 बजे साबरमती पहुंचेगी। यह ट्रेन महेसाणा, पालनपुर, आबूरोड, मारवाड़ जंक्शन, अजमेर, जयपुर, अलवर, रेवाड़ी, गुड़गांव और दिल्ली कैंट पर रुकेगी। इन स्पेशल सेवाओं में एसी 3-टियर कोच लगाए गए हैं और कुल 925 किलोमीटर की दूरी को 15 से 16 घंटे में तय किया जाएगा। इसकी बुकिंग 6 दिसंबर से शुरू हो गई है।

इंडिगो उड़ानों के रद्द होने से यात्रियों को परेशानी

इंडिगो उड़ानों के रद्द होने से बढ़ी यात्रा मांग को देखते हुए भारतीय रेलवे ने देशभर की 37 प्रीमियम ट्रेनों में कुल 116 अतिरिक्त कोच जोड़ने का भी निर्णय लिया है। इन कोचों को 114 अतिरिक्त ट्रिप्स में लगाया जा रहा है, ताकि यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध कराई जा सकें। साउदर्न रेलवे ने 18 ट्रेनों में सबसे अधिक अतिरिक्त कोच जोड़े हैं। नॉर्दर्न रेलवे ने 8 ट्रेनों में चेयर कार और एसी कोच जोड़े हैं, जबकि वेस्टर्न रेलवे ने 2AC और 3AC कोच शामिल किए हैं। ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने पटना–दिल्ली रूट पर अतिरिक्त AC कोच लगाए हैं। पूर्वोत्तर क्षेत्र में भी कोच बढ़ाए गए हैं, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

चार स्पेशल ट्रेनें संचालित

रेलवे ने चार अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें भी संचालित की हैं। इनमें गोरखपुर–आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल, नई दिल्ली–मार्टियर कैप्टन तुषार महाजन वंदे भारत स्पेशल, नई दिल्ली–मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट स्पेशल और हजरत निजामुद्दीन–तिरुवनंतपुरम सुपरफास्ट स्पेशल शामिल हैं। रेलवे का कहना है कि यह कदम अचानक उत्पन्न हुई स्थिति में यात्रियों को विश्वसनीय और समयबद्ध कनेक्टिविटी प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

Share This Article