Rahul Gandhi Sultanpur court: अमित शाह पर टिप्पणी मामले में सुल्तानपुर कोर्ट में राहुल गांधी का बयान दर्ज, 9 मार्च को अगली सुनवाई

2 Min Read

Rahul Gandhi Sultanpur court:

नई दिल्ली, एजेंसियां। केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में कांग्रेस नेता Rahul Gandhi शुक्रवार को सुल्तानपुर स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए। उन्होंने अदालत में धारा 313 के तहत अपना बयान दर्ज कराया और खुद को बेगुनाह बताया। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 9 मार्च तय की है, जब बचाव पक्ष की ओर से सफाई साक्ष्य प्रस्तुत किए जाएंगे।

करीब 20 मिनट चली बयान दर्ज की प्रक्रिया

अदालत में लगभग 20 मिनट तक बंद कक्ष में बयान दर्ज करने की प्रक्रिया चली। इस दौरान कोर्ट परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और भीड़ नियंत्रित करने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। डॉग स्क्वायड से परिसर की जांच कराई गई थी। एक एएसपी और चार सीओ समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा।

लखनऊ से सड़क मार्ग से पहुंचे

राहुल गांधी लखनऊ एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिए सुल्तानपुर पहुंचे। अदालत ने उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए अंतिम अवसर दिया था। इससे पहले 19 जनवरी को अनुपस्थित रहने पर कोर्ट ने 20 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश जारी किया था।

क्या है मामला?

मामला कर्नाटक में आयोजित एक प्रेसवार्ता से जुड़ा है, जहां राहुल गांधी द्वारा अमित शाह पर कथित अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है। इस संबंध में जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता विजय मिश्र ने मानहानि का परिवाद दायर किया था। राहुल गांधी 26 जुलाई 2024 को पहले भी अदालत में पेश हुए थे, लेकिन बाद की तारीखों पर अनुपस्थित रहे।

Share This Article