Rahul Gandhi: संसद में भिड़े राहुल गांधी और रवनीत बिट्टू, ‘गद्दार’ बयान से मचा सियासी तूफान

3 Min Read

Rahul Gandhi

नई दिल्ली, एजेंसियां। संसद परिसर में बुधवार को उस समय माहौल गर्म हो गया जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी बहस हो गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों नेताओं के बीच तल्ख बयानबाजी देखने को मिली। बताया जा रहा है कि केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू जब संसद परिसर के मकर द्वार से गुजर रहे थे, तब कांग्रेस सांसद वहां विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

राहुल गांधी ने बिट्टू को कहा ‘गद्दार’

जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी ने बिट्टू को देखकर टिप्पणी करते हुए कहा कि “देखो, एक गद्दार यहीं से गुजर रहा है।” इसके बाद उन्होंने हाथ मिलाने की पेशकश करते हुए कहा, “नमस्ते भाई, मेरे गद्दार दोस्त, चिंता मत करो, तुम वापस कांग्रेस में आ जाओगे।” गौरतलब है कि रवनीत सिंह बिट्टू पहले कांग्रेस पार्टी से जुड़े थे और पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में गिने जाते थे। बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन कर ली और केंद्र सरकार में मंत्री बने।

बिट्टू का राहुल गांधी पर पलटवार

राहुल गांधी के बयान पर रवनीत सिंह बिट्टू ने तुरंत पलटवार किया। उन्होंने राहुल गांधी को “देश के दुश्मनों से जुड़ा” बताते हुए हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक तीखी नोकझोंक होती रही, जिसके बाद वे अलग-अलग दिशा में चले गए।

संसद परिसर में विपक्ष का विरोध प्रदर्शन जारी

इस दौरान कांग्रेस सांसद संसद की सीढ़ियों पर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। सांसदों ने “PM समझौता कर चुके हैं” लिखे पोस्टर भी हाथ में लिए थे। इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस और सीपीआई-एम के कुल आठ सांसदों को अनुशासनहीन व्यवहार के कारण बजट सत्र के शेष समय के लिए निलंबित कर दिया गया था।

राजनीतिक माहौल में बढ़ी गर्माहट

इस पूरे घटनाक्रम के बाद संसद परिसर में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है। दोनों दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है, जिससे आने वाले दिनों में संसद के भीतर और बाहर राजनीतिक टकराव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article