Rajveer Jawanda passes away:
चंडीगढ़, एजेंसियां। पंजाबी गायक और अभिनेता राजवीर जवंदा का मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। 27 सितंबर को राजवीर एक भीषण सड़क हादसे में घायल हो गए थे और 11 दिन तक वेंटिलेटर पर जीवन संग्राम लड़ते रहे।
हादसे का विवरण
राजवीर जवंदा पिंजौर-नालागढ़ रोड पर सेक्टर-30 टी पॉइंट के पास अपनी बीएमडब्ल्यू बाइक से आ रहे थे, तभी अचानक सांड रास्ते में आने के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में उन्हें सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद वे एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखे गए थे।
राजवीर का करियर
राजवीर का संगीत करियर भी काफी सफल रहा। उन्होंने 2014 में अपनी पहली एल्बम मुंडा लाइक मी से शुरुआत की, 2016 में कली जवंदे दी से पहचान मिली, और बाद में मुकाबला, कंगणी, पटियाला शाही पग, केसरी झंडे जैसे कई सुपरहिट गाने दिए। उन्होंने पंजाबी फिल्मों में भी अभिनय किया, जिनमें सूबेदार जोगिंदर सिंह, काका जी, जिंद जान और सिकंदर 2 शामिल हैं। राजवीर जवंदा की मां परमजीत कौर गांव की पूर्व सरपंच रह चुकी हैं। उनके पिता कर्म सिंह पंजाब पुलिस में एएसआई थे। राजवीर ने 2011 में पंजाब पुलिस में कॉन्स्टेबल के रूप में नौकरी शुरू की थी, लेकिन 2019 में गायकी करियर को आगे बढ़ाने के लिए नौकरी छोड़ दी थी।
राजवीर अपने परिवार के साथ लुधियाना स्थित घर में रहते थे। उनकी पत्नी अशविंदर कौर, बेटी हेमंत कौर और बेटे दिलावर सिंह हैं। उनके निधन से परिवार और फैंस में गहरा शोक छाया हुआ है।
इसे भी पढ़ें
RIP Dishom Guru: दिशोम गुरु के अंतिम दर्शन के लिए बाइक से पहुंचे अर्जुन मुंडा और सुदेश महतो

