Priyanka Gandhi Vadra: प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान ने की सगाई, दिल्ली की रहने वाली हैं होने वाली दुल्हन

2 Min Read

Priyanka Gandhi Vadra

नई दिल्ली, एजेंसियां। कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के घर जल्द ही शहनाई बजने वाला है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रियंका गांधी और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा ने हाल ही में अवीवा बेग के साथ सगाई कर ली है। अवीवा बेग दिल्ली की रहने वाली है। यह कार्यक्रम बेहद निजी रखा गया, जिसमें दोनों परिवारों के करीबी लोग ही शामिल हुए।

दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद सगाई संपन्न

24 वर्षीय रेहान वाड्रा पेशे से विजुअल आर्टिस्ट हैं, जबकि अवीवा बेग फोटोग्राफर हैं। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और करीब सात साल के रिश्ते के बाद उन्होंने सगाई का फैसला किया। दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद यह सगाई संपन्न हुई। सूत्रों का कहना है कि रेहान और अवीवा की शादी की तारीखें भी जल्द तय की जा सकती हैं, हालांकि परिवार की ओर से अभी इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के दो बच्चे हैं रेहान और मिराया। रेहान और मिराया पिछले साल वायनाड लोकसभा उपचुनाव के दौरान अपनी मां के समर्थन में चुनाव प्रचार करते नजर आए थे, जिसके बाद वे सार्वजनिक रूप से चर्चा में आए थे।

Share This Article