Priyanka Chaturvedi attack on BCCI: भारत से मैच न खेलने पर प्रियंका चतुर्वेदी का तीखा हमला, बोलीं – BCCI के मुंह पर तमाचा

3 Min Read

Priyanka Chaturvedi attack on BCCI:

नई दिल्ली, एजेंसियां। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ हाई-प्रोफाइल मुकाबले का बहिष्कार करने के पाकिस्तान के फैसले ने नया राजनीतिक और खेल विवाद खड़ा कर दिया है। इस फैसले के बाद भारत में विपक्षी नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने पाकिस्तान के इस कदम को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के लिए “सबसे बड़ा तमाचा” करार दिया है।

क्रिकेट कूटनीति की विफलता बताया फैसला

प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि यह फैसला क्रिकेट कूटनीति की पूरी तरह विफलता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि BCCI दुनिया की सबसे ताकतवर और सबसे अमीर क्रिकेट संस्थाओं में से एक है और ICC में उसका प्रभाव भी बेहद मजबूत है। इसके बावजूद पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ मैच न खेलने का निर्णय चौंकाने वाला है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि हालिया आतंकी हमलों और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत ने वैश्विक मंचों पर पाकिस्तान की भूमिका को बार-बार उजागर किया है।

पाक सरकार और PCB के फैसले पर ICC की नाराजगी

गौरतलब है कि पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर कहा था कि वह अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप खेलने की अनुमति दे रही है, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने देगी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भी सरकार के इस बयान को साझा किया। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इसे टूर्नामेंट की भावना के खिलाफ बताया और कहा कि ऐसे फैसले से कई हितधारकों को नुकसान होगा।

ग्रुप ए में है पाकिस्तान, अंक गंवाने का खतरा

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान ग्रुप ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और अमेरिका (USA) के साथ शामिल है। पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा, जो भारत के साथ टूर्नामेंट की सह-मेजबानी कर रहा है। पाकिस्तान 7 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।
यदि पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करता है, तो उसे दो अहम अंक गंवाने पड़ सकते हैं। साथ ही ICC के नियमों के अनुसार, इससे उसके नेट रन रेट पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा, जो आगे की राह को मुश्किल बना सकता है।

Share This Article