Priyanka Chaturvedi:
नई दिल्ली, एजेंसियां। शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने हाल ही में संसद परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात की एक तस्वीर उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की, जिसमें वह प्रधानमंत्री से बात करते हुए नजर आ रही हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके बीजेपी में शामिल होने की अटकलें तेज़ हो गईं।
प्रियंका ने अपने पोस्ट में लिखा,“कल मैंने संसद में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मैं भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के विभिन्न पहलुओं पर उनके बहुमूल्य समय और विचारों के लिए उनका धन्यवाद करती हूं।”
सोशल मीडिया पर अफवाहें और प्रियंका का रिएक्शन
प्रियंका की इस मुलाकात के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा किया कि वह जल्द ही भाजपा का दामन थाम सकती हैं। कुछ ने “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत उन्हें विदेश भेजे गए प्रतिनिधिमंडल से भी जोड़ दिया।
हालांकि, उन्होंने सीधे इन अटकलों पर टिप्पणी नहीं की, लेकिन पत्रकार अमित शांडिल्य के एक पोस्ट को री-शेयर करते हुए अपनी स्थिति साफ की। शांडिल्य ने लिखा:“सिर्फ एक सह-सांसद से मिलना ही कुछ लोगों को चुभ गया है। यही लोग दूसरों को असहिष्णु कहते हैं।”प्रियंका चतुर्वेदी ने इस री-पोस्ट के जरिए यह संकेत दिया कि यह एक सामान्य संसदीय मुलाकात थी, और इससे ज्यादा कुछ नहीं।
कांग्रेस छोड़ शिवसेना में आई थीं
प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। 2010 में पार्टी में शामिल होने के बाद वह 2012 में युवा कांग्रेस की महासचिव बनीं। लेकिन 2019 में कांग्रेस से इस्तीफा देकर वह उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) में शामिल हो गईं। उन्होंने खुद को एक “साधारण शिवसैनिक” बताया था।2020 में राज्यसभा पहुंचीं प्रियंका चतुर्वेदी का कार्यकाल 2026 में समाप्त होगा।
इस मुलाकात को लेकर अटकलें जरूर लगाई जा रही हैं, लेकिन फिलहाल उन्होंने भाजपा में शामिल होने की बात से इनकार नहीं किया है और न ही पुष्टि की है।
इसे भी पढ़ें
आज रांची से इंडिया गठबंधन का चुनावी शंखनाद, उलुगुलान रैली में दम दिखायेंगे विपक्षी दिग्गज









