Sand scam:
मुंबई, एजेंसियां। महाराष्ट्र की राजनीति में डांस बार और रेत घोटाले को लेकर नया बवाल खड़ा हो गया है। शिवसेना (यूबीटी) नेता और विधान परिषद सदस्य अनिल परब ने गृह राज्य मंत्री योगेश कदम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कांदिवली स्थित ‘सावली बार’ का लाइसेंस कदम की मां के नाम पर है और वहां गैरकानूनी गतिविधियाँ चल रही थीं।
परब ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अगर उनके आरोप झूठे हैं तो योगेश कदम उन पर मानहानि का मुकदमा करें या विशेषाधिकार हनन का नोटिस भेजें। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मामले में कार्रवाई नहीं करती तो वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलकर सबूत सौंपेंगे और फिर मामला कोर्ट तक ले जाएंगे।
अनिल परब के अनुसार
अनिल परब के अनुसार, 30 मई 2024 को पुलिस ने सावली बार पर छापा मारा था, जिसमें 22 बार डांसर, 22 ग्राहक और 4 स्टाफ पकड़े गए थे। इससे पहले भी 2023 में दो बार बार पर रेड पड़ी थी। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्री गृह विभाग संभालते हैं, और उनके या उनके परिवार के किसी भी कारोबारी संबंध का कानून-व्यवस्था से जुड़े मामले में शामिल होना हितों के टकराव का स्पष्ट मामला है।
नदी से अवैध रूप से रेत उठाते है
इसके साथ ही परब ने रत्नागिरी जिले के जगबुड़ी नदी से जुड़े रेत घोटाले का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नदी से अवैध रूप से रेत उठाकर मंत्री के परिवार से जुड़े एक डेंटल कॉलेज में भेजी गई, जो मंत्री की बहन के नाम पर है। हालाँकि, मंत्री कदम ने इन आरोपों को खारिज करते हुए खुद को कॉलेज से अलग बताया, लेकिन परब का कहना है कि ट्रस्ट में परिवार की भूमिका होने से यह हितों के टकराव का मुद्दा बना रहता है।
यह मामला अब केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं है, बल्कि शिवसेना (यूबीटी) नेता इसे कोर्ट और मुख्यमंत्री कार्यालय तक ले जाने की तैयारी में हैं, जिससे आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में और हलचल मच सकती है।
इसे भी पढ़ें








