Seva Teerth event PM Modi: पीएम मोदी ने सेवा तीर्थ से संभाला कार्यभार, किसानों और महिलाओं के लिए बड़े फैसले

3 Min Read

Seva Teerth event PM Modi:

नई दिल्ली, एजेंसियां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने पुराने कार्यालय साउथ ब्लॉक से नए सेवा तीर्थ परिसर में शिफ्ट होकर कार्यभार संभाल लिया। यह दिन खास इसलिए भी रहा क्योंकि 13 फरवरी 1931 को नई दिल्ली को औपचारिक रूप से आधुनिक भारत की राजधानी के रूप में उद्घाटित किया गया था। सेवा तीर्थ परिसर में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), कैबिनेट सचिवालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय को एक ही स्थान पर समाहित किया गया है। प्रधानमंत्री ने परिसर में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और परिसर की दीवार पर अंकित ‘नागरिक देवो भव’ मंत्र के साथ नई शुरुआत की। इस अवसर पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

पीएम राहत योजना का शुभारंभ

सेवा तीर्थ से काम शुरू करते ही प्रधानमंत्री ने कई अहम फैसलों पर हस्ताक्षर किए। इनमें प्रमुख है पीएम राहत योजना (PM RAHAT Scheme), जिसके तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य है कि समय पर उपचार के अभाव में किसी की जान न जाए और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित हो।

महिलाओं और किसानों के लिए बड़े निर्णय

प्रधानमंत्री ने ‘लखपति दीदी’ योजना का लक्ष्य मार्च 2029 तक छह करोड़ तक बढ़ाने का ऐलान किया। यह महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए कृषि अवसंरचना कोष को दो लाख करोड़ रुपये तक बढ़ाया गया, जिससे किसानों को बेहतर भंडारण, प्रसंस्करण और मूल्य श्रृंखला सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

नवाचार और स्टार्टअप को बढ़ावा

प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0 को 10,000 करोड़ रुपये के कोष के साथ मंजूरी दी। इसका उद्देश्य डीप टेक, एडवांस मैन्युफैक्चरिंग और शुरुआती चरण के नवाचारों को वित्तीय सहयोग देना है, ताकि युवाओं और उद्यमियों के लिए नए अवसर सृजित हों।सेवा तीर्थ में यह नई शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी की नागरिक-केंद्रित प्रशासनिक सोच और विकास व सशक्तिकरण पर जोर को दर्शाती है। किसानों, महिलाओं और नवाचार के क्षेत्र में लिए गए फैसले यह संकेत देते हैं कि भविष्य में इन क्षेत्रों को और मजबूत किया जाएगा।

Share This Article