PM Modi security Lok Sabha:
नई दिल्ली, एजेंसियां। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने गुरुवार को सदन में एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि बुधवार को संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अप्रत्याशित घटना होने की आशंका थी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा स्थिति को देखते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री से लोकसभा में न आने का आग्रह किया था, जिसे प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया।
दरअसल, बुधवार शाम करीब पांच बजे प्रधानमंत्री मोदी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देना था, लेकिन आखिरी समय में उनका भाषण टाल दिया गया। गुरुवार को लोकसभा की कार्यवाही के दौरान स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि उन्हें ऐसी जानकारी मिली थी जिससे यह आशंका पैदा हुई कि सदन में कोई अप्रत्याशित घटना हो सकती है। इसी कारण उन्होंने प्रधानमंत्री को उस समय सदन में आने से रोकने का निर्णय लिया।
विपक्षी सांसदों को चेतावनी देते हुए कहा
स्पीकर ने सदन में व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया और विपक्षी सांसदों को चेतावनी देते हुए कहा कि पोस्टर और नारेबाजी के साथ कार्यवाही चलाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि संसद की गरिमा बनाए रखना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है।बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही विपक्षी दलों के हंगामे के कारण कई बार बाधित हुई थी। इसी दौरान ध्वनि मत से धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर दिया गया और सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने क्या कहा?
इस मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार की आलोचना की है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाया कि सरकार चर्चा से बच रही है। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर भाषण देने की संभावना जताई जा रही है, जिस पर विपक्ष की रणनीति भी नजर बनाए हुए है।







