PM Modi Malaysia visit: भारत-मलेशिया रिश्तों को नई मजबूती देने मलेशिया पहुंचे पीएम मोदी

2 Min Read

PM Modi Malaysia visit:

नई दिल्ली, एजेंसियां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर मलेशिया के लिए रवाना हुए। यह दौरा भारत और मलेशिया के बीच रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश, ऊर्जा और डिजिटल नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह मोदी की मलेशिया की तीसरी यात्रा है और अगस्त 2024 में दोनों देशों के संबंधों को “व्यापक रणनीतिक साझेदारी” का दर्जा मिलने के बाद उनकी यह पहली यात्रा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा

रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ होने वाली वार्ता को दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई देने वाला बताया। इस दौरान दोनों नेता रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग को गहरा करने, आर्थिक साझेदारी बढ़ाने और नवाचार के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने पर चर्चा करेंगे।

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों और उद्योग जगत के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। साथ ही 10वां भारत-मलेशिया सीईओ फोरम आयोजित किया जाएगा, जिसमें व्यापार और निवेश को बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।

विदेश मंत्रालय के अनुसार

विदेश मंत्रालय के अनुसार मलेशिया में करीब 29 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मलेशिया में भारत के उच्चायुक्त बी.एन. रेड्डी ने बताया कि भारत के “महासागर विजन” और इंडो-पैसिफिक रणनीति के तहत दोनों देश समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय सहयोग पर मिलकर काम कर रहे हैं।

डिजिटल अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ रहा है। हाल ही में डिजिटल टेक्नोलॉजी पर हस्ताक्षरित समझौते के बाद “मलेशिया-भारत डिजिटल काउंसिल” की स्थापना की गई है, जिससे तकनीकी साझेदारी को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Share This Article