PM Modi gift auction 2025:
नई दिल्ली, एजेंसियां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिन पर मिले उपहारों की नीलामी करने जा रहे हैं। इस नीलामी से प्राप्त आय को गंगा नदी के संरक्षण पर खर्च किया जायेगा। पीएम ने इस खास और रचनात्मक पहल से देशवासियों से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने उपहारों की ऑनलाइन नीलामी में भाग लेने का आग्रह किया है। इस नीलामी से प्राप्त धनराशि को ‘नमामि गंगे’ परियोजना में लगाया जाएगा, जो गंगा नदी के संरक्षण के लिए चल रही एक प्रमुख योजना है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मेरे कार्यक्रमों के दौरान मिले अनमोल स्मृति-चिन्हों की ऑनलाइन नीलामी चल रही है। ये उपहार भारत की संस्कृति और रचनात्मकता का प्रतीक हैं। इस नीलामी से मिली राशि ‘नमामि गंगे’ के कार्यों में इस्तेमाल होगी। इसमें जरूर भाग लें।
नीलामी में क्या-क्या है खास?
नीलामी में ऐसे उपहार शामिल हैं, जो भारत की कला, संस्कृति और विरासत की झलक देते हैं। pmmementos.gov.in पोर्टल पर जाकर कोई भी व्यक्ति इस नीलामी में भाग ले सकता है। कुछ प्रमुख वस्तुएं जो नीलामी में शामिल हैं:
चांदी में बना राम मंदिर का मॉडल
बछड़े के साथ कामधेनु की मूर्ति
बेंत से बना जहाज का मॉडल
लकड़ी का पारंपरिक चरखा
एलोरा के कैलासा मंदिर की पेंटिंग
भगवान बुद्ध की फ्रेम वाली प्रतिमा
G-20 शिखर सम्मेलन का पोस्टर
ये सभी वस्तुएं प्रधानमंत्री को विभिन्न आयोजनों के दौरान उपहार स्वरूप दी गई थीं।
कब और कैसे भाग लें?
नीलामी की शुरुआत 17 सितंबर सुबह 10 बजे हुई है और यह 2 अक्टूबर शाम 5 बजे तक चलेगी। भाग लेने के लिए pmmementos.gov.in पर जाकर पहले पंजीकरण करना होगा, जिसके बाद बोली लगाई जा सकती है।
‘नमामि गंगे’ क्या है?
‘नमामि गंगे’ केंद्र सरकार की एक प्रमुख योजना है, जिसे जून 2014 में शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य गंगा नदी को प्रदूषण से मुक्त कर पुनर्जीवित करना है। इस योजना के तहत त्वरित प्रभाव वाली गतिविधियों से लेकर 10 साल की दीर्घकालिक योजनाएं भी शामिल हैं। इसका कुल बजट 20,000 करोड़ रुपये रखा गया है।
इसे भी पढ़ें







