Vande Bharat Sleeper Train: पीएम मोदी ने देश को दी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात, जानिए खासियत और किराया

2 Min Read

Vande Bharat Sleeper Train:

कोलकाता, एजेंसियां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अत्याधुनिक ट्रेन हावड़ा से गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलेगी और पूर्वी भारत को उत्तर-पूर्वी भारत से जोड़ने वाले अहम रेल कॉरिडोर को नई गति देगी। इसके साथ ही भारतीय रेलवे ने लंबी दूरी की रात्री यात्रा के लिए आधुनिक स्लीपर सेवाओं की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है।

यात्रा होगी तेज और आरामदायक

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से हावड़ा–गुवाहाटी के बीच का सफर अब करीब 17 घंटे से घटकर 14 घंटे में पूरा होगा। ट्रेन में 16 आधुनिक कोच हैं, जिनमें कुल 1128 यात्री सफर कर सकेंगे। एयरोडायनामिक डिजाइन के कारण कम शोर और स्मूद यात्रा का अनुभव मिलेगा।

आधुनिक तकनीक और सुरक्षा

  • अधिकतम रफ्तार: 180 किमी प्रति घंटा
  • हर पहिये में ट्रैक्शन मोटर, बेहतर ब्रेकिंग और तेज एक्सिलरेशन
  • कवच ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम, टक्कर की आशंका लगभग खत्म
  • सभी कोचों में सीसीटीवी कैमरे, इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम और अग्निशमन उपकरण

स्लीपर सुविधाएं और आराम

ट्रेन में विशेष रूप से डिजाइन की गई आरामदायक स्लीपर बर्थ, आधुनिक सस्पेंशन सिस्टम, झटके और कंपन को कम करता है। यात्रियों के सामान के लिए ओवरहेड रैक, सीट के नीचे स्टोरेज और अलग लगेज एरिया भी उपलब्ध है। शौचालय आधुनिक सैनिटेशन तकनीक से लैस हैं।

भोजन की सुविधा

यात्रियों को यात्रा के दौरान क्षेत्र आधारित भोजन मिलेगा, जिसमें बंगाली और असमिया व्यंजन शामिल होंगे। भोजन का खर्च किराए में ही शामिल रहेगा।

कितना होगा किराया?

एसी 3 टियर: ₹2300
एसी 2 टियर: ₹3000
फर्स्ट एसी: ₹3600 (लगभग)

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के संचालन से लंबी दूरी की रेल यात्रा न केवल तेज होगी, बल्कि यात्रियों को विश्वस्तरीय आराम और सुरक्षा भी मिलेगी।

Share This Article