Pm modi X account
नई दिल्ली, एजेंसियां। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता एक बार फिर चरम पर नजर आई है। पिछले एक महीने में भारतीय यूजर्स द्वारा सबसे ज्यादा पसंद किए गए शीर्ष 10 पोस्ट में से 8 पोस्ट प्रधानमंत्री मोदी के रहे हैं। यह आंकड़ा न केवल उनकी डिजिटल लोकप्रियता को दर्शाता है, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत की सॉफ्ट पावर की भी झलक पेश करता है।
सबसे ज्यादा लाइक 4 दिसंबर की है
सबसे ज्यादा लाइक पाने वाली पोस्ट 4 दिसंबर की है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भगवद गीता भेंट करते हुए देखा गया। इस पोस्ट को 23.1 लाख से अधिक लाइक्स मिले, जबकि इसे करीब 67 लाख लोगों ने देखा। इसके अलावा 5,000 से ज्यादा यूजर्स ने इस पर टिप्पणी भी की। यह पोस्ट पिछले महीने X पर भारतीयों द्वारा सबसे ज्यादा पसंद किया गया कंटेंट रहा।
प्रधानमंत्री मोदी की रूस यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी की रूस यात्रा से जुड़ी अन्य पोस्ट भी खूब वायरल हुईं। भारत-रूस मैत्री और द्विपक्षीय संबंधों पर किए गए उनके पोस्ट को एक लाख से अधिक लाइक्स और हजारों कमेंट्स मिले। इससे साफ है कि अंतरराष्ट्रीय कूटनीति से जुड़े विषयों में भी लोगों की गहरी रुचि है।
टॉप पोस्ट की सूची में प्रधानमंत्री
टॉप पोस्ट की सूची में प्रधानमंत्री की कई अन्य गतिविधियां भी शामिल रहीं। इनमें राम जन्मभूमि मंदिर में धर्म ध्वजारोहण उत्सव, 19 वर्षीय वेदमूर्ति देवव्रत महेश रेखा की उपलब्धि, नेत्रहीन महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप जीत पर बधाई संदेश और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज की शादी पर शुभकामनाएं देने वाली पोस्ट शामिल हैं। इन सभी पोस्ट को बड़ी संख्या में लाइक्स और कमेंट्स मिले।
क्या है मामला?
गौरतलब है कि X ने हाल ही में एक नया फीचर लॉन्च किया है, जिसके जरिए यह देखा जा सकता है कि पिछले एक महीने में कौन-सी पोस्ट सबसे ज्यादा पसंद की गईं। फिलहाल यह फीचर प्रीमियम सब्सक्रिप्शन वाले यूजर्स के लिए उपलब्ध बताया जा रहा है।कुल मिलाकर, X पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दबदबा उनकी मजबूत डिजिटल उपस्थिति और जनता के साथ सीधे संवाद की ताकत को दर्शाता है।







