PM Modi church visit:
नई दिल्ली, एजेंसियां। क्रिसमस 2025 के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार सुबह दिल्ली स्थित ऐतिहासिक कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन में आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में भाग लिया। इस दौरान दिल्ली के बिशप और चर्च के पादरी रेवरेंड डॉ. पॉल स्वरूप की ओर से प्रधानमंत्री के लिए विशेष प्रार्थना की गई। पीएम मोदी के चर्च पहुंचने पर ईसाई समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
क्रिसमस की सुबह आयोजित इस प्रार्थना सभा में प्रार्थनाओं के साथ-साथ कैरल और भजनों का गायन भी हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी श्रद्धा के साथ प्रार्थना सभा में शामिल हुए और गायन मंडली के गीतों को ध्यानपूर्वक सुना। इस मौके पर दिल्ली और उत्तर भारत के बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग मौजूद रहे।
सोशल मीडिया पर साझा की झलकियां
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर भी साझा किए। उन्होंने लिखा, “मैंने दिल्ली के कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना सभा में भाग लिया। इस सभा में प्रेम, शांति और करुणा का शाश्वत संदेश झलक रहा था। आशा है कि क्रिसमस की भावना हमारे समाज में सद्भाव और मेलजोल को प्रेरित करेगी।”
एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने वीडियो साझा करते हुए कहा कि क्रिसमस नई आशा, स्नेह और दयालुता के प्रति साझा प्रतिबद्धता का संदेश देता है।
देशवासियों को दी शुभकामनाएं
इससे पहले प्रधानमंत्री ने सभी देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यीशु मसीह की शिक्षाएं समाज में शांति, करुणा और भाईचारे को मजबूत करें।
गायन मंडली में दिखी खुशी
प्रधानमंत्री के चर्च दौरे से प्रार्थना सभा में शामिल गायन मंडली के सदस्य बेहद उत्साहित नजर आए। गायिका सारा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पूरी सभा में हिस्सा लिया और उनके गीतों को सुना, जो उनके लिए गर्व और खुशी का पल था। वहीं गायिका आकांक्षा ने बताया कि प्रधानमंत्री की मौजूदगी से उनका दिन और भी खास बन गया। प्रधानमंत्री का यह दौरा धार्मिक सद्भाव और एकता का मजबूत संदेश देता नजर आया।








