Mahatma Gandhi death anniversary
नई दिल्ली, एजेंसियां। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई शीर्ष नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को याद किया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बापू को नमन करते हुए अहिंसा को दुनिया बदलने वाली सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि पूज्य बापू ने मानवता की रक्षा के लिए हमेशा अहिंसा पर बल दिया और यही शक्ति बिना हथियार के भी दुनिया को बदल सकती है।
राहुल गांधी ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि गांधी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता, नफरत और हिंसा से बड़ी सत्य और अहिंसा की शक्ति होती है, और यही संदेश बापू ने देश को दिया। राहुल गांधी ने बापू को भारत की आत्मा में अमर बताया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बापू को याद किया
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी बापू को याद करते हुए उनके भजनों का उल्लेख किया और कहा कि दूसरों के दुख को समझना और नफरत को प्रेम से जीतना ही गांधी का मार्ग है। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने महात्मा गांधी को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने देश को एकजुट कर आजादी के आंदोलन को व्यापक स्वरूप दिया और उनके विचार सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।
