PM Modi 75th birthday statement: अपने 75वें जन्मदिन के किस्से पर पीएम मोदी ने क्या कहा,“अभी 25 साल बाकी हैं”

2 Min Read

PM Modi 75th birthday statement:

नई दिल्ली, एजेंसियां। नई दिल्ली में आयोजित ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ के पहले एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों से संवाद करते हुए जीवन, शिक्षा और लक्ष्य को लेकर कई प्रेरक बातें साझा कीं। इस दौरान उन्होंने अपने 75वें जन्मदिन से जुड़ा एक किस्सा सुनाकर छात्रों को भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सीख दी।

अपने जन्मदिन को लेकर प्रधानमंत्री ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री ने बताया कि उनके जन्मदिन पर एक नेता ने फोन करके उन्हें 75 साल का होने पर बधाई दी। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि “अभी तो 25 साल बाकी हैं।” पीएम मोदी ने कहा कि वे बीते हुए समय को नहीं गिनते, बल्कि आगे बचे समय को बेहतर तरीके से जीने पर ध्यान देते हैं। उन्होंने छात्रों से भी कहा कि जो बीत गया है, उसके बारे में सोचकर समय बर्बाद न करें, बल्कि भविष्य को बेहतर बनाने पर ध्यान दें।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने शिक्षा को लेकर भी अहम संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई को बोझ समझने के बजाय उसे पूरी रुचि और समर्पण के साथ अपनाना चाहिए। उनके अनुसार, आधे-अधूरे मन से की गई पढ़ाई जीवन में सफलता नहीं दिला सकती। उन्होंने छात्रों को ऐसा लक्ष्य तय करने की सलाह दी जो उनकी पहुंच में हो, लेकिन उसे हासिल करने के लिए मेहनत करनी पड़े।

पीएम ने गेमिंग को लेकर दी चेतावनी

पीएम मोदी ने गेमिंग को लेकर भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि केवल समय बिताने के लिए गेमिंग में शामिल होना नुकसानदायक हो सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि गेमिंग एक कौशल हो सकता है, यदि उसका उपयोग आत्म-विकास और सतर्कता बढ़ाने के लिए किया जाए।‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री ने छात्रों को सकारात्मक सोच, अनुशासन और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने का संदेश दिया।

Share This Article