PM Modi Ethiopia visit: दिन में 3 देशों का दौरा: पीएम मोदी के लिए इथियोपिया यात्रा क्यों है खास?

2 Min Read

PM Modi Ethiopia visit

नई दिल्ली, एजेंसियां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार दिनों में तीन देशों जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान की यात्रा पर जा रहे हैं। इस दौरे में इथियोपिया की यात्रा भारत के लिए खास मानी जा रही है। इथियोपिया में भारत के राजदूत अनिल कुमार राय के अनुसार, यह दौरा दोनों देशों के दीर्घकालिक, गहरे और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करेगा। खासकर इसलिए भी क्योंकि भारत 2026 में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता करने जा रहा है और इथियोपिया इस समूह का नया लेकिन अहम सदस्य है।

दो प्राचीन सभ्यताओं के बीच ऐतिहासिक मुलाकात

राजदूत राय ने बताया कि भारत और इथियोपिया दोनों ही प्राचीन सभ्यताओं वाले देश हैं और उनके संबंध दशकों पुराने हैं। पीएम मोदी पिछले 15 वर्षों में इथियोपिया का दौरा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे, जिससे यह यात्रा ऐतिहासिक बन जाती है। इस दौरान द्विपक्षीय सहयोग, व्यापार, निवेश और विकास साझेदारी जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा होने की उम्मीद है।

संयुक्त राष्ट्र सुधार और ब्रिक्स एजेंडा पर फोकस

दोनों देश ब्रिक्स सदस्य होने के नाते संयुक्त राष्ट्र सुधार, वैश्विक दक्षिण के मुद्दों और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे विषयों पर करीबी सहयोगी हैं। भारत की आगामी ब्रिक्स अध्यक्षता के मद्देनज़र इथियोपिया के साथ समन्वय को और गहरा करने पर जोर दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री अली से होगी अहम बातचीत

विदेश मंत्रालय के अनुसार, पीएम मोदी अपनी पहली इथियोपिया यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री अबी अहमद अली से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में भारत-इथियोपिया संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा होगी। मंत्रालय ने कहा कि यह दौरा वैश्विक दक्षिण में साझेदार के रूप में दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को और सशक्त करेगा।

Share This Article