Piyush Pandey new DGP
कोलकाता, एजेंसियां। पश्चिम बंगाल पुलिस में बड़े फेरबदल के तहत वरिष्ठ अधिकारी पीयूष पांडे को शुक्रवार को राज्य का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया गया। यह नियुक्ति मौजूदा डीजीपी राजीव कुमार के 31 जनवरी, 2026 को सेवानिवृत्त होने के कारण की गई। पांडे 1993 बैच के IPS अधिकारी हैं और अगले आदेश तक इस पद पर कार्यभार संभालेंगे।
राज्य सरकार ने कई वरिष्ठ अधिकारियों का किया तबादला
साथ ही राज्य सरकार ने कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला भी किया। एसटीएफ के एडीजी और आईजीपी विनीत कुमार गोयल को अब एडीजी (कानून व्यवस्था) के पद पर तैनात किया गया है और उन्हें भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया। एडीजी और आईजीपी (कानून व्यवस्था) जावेद शमीम को एसटीएफ और खुफिया शाखा का अतिरिक्त प्रभार मिला।
कई अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं। सुप्रतिम सरकार को कोलकाता का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है, जबकि मनोज वर्मा को डायरेक्टर (सिक्योरिटी) बनाया गया। इसके अलावा, अजय मुकुंद रानाडे दूरसंचार विभाग के एडीजी, विशाल गर्ग साइबर सेल के एडीजी और अनुज शर्मा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के महानिदेशक बनाए गए हैं। नटराजन रमेश बाबू को होम गार्ड्स का प्रमुख नियुक्त किया गया।
विशेषज्ञों का क्या है कहना?
विशेषज्ञों का कहना है कि चुनाव से पहले यह बड़े स्तर का पुलिस फेरबदल राज्य की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अहम माना जा रहा है। पीयूष पांडे को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भरोसेमंद अधिकारी माना जाता है और उनका अनुभव राज्य में चुनावी माहौल में पुलिस व्यवस्था को संभालने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।







