India US trade deal:
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस समझौते को भारत के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह डील भारत ने अपनी शर्तों पर की है और इसमें किसानों, डेयरी सेक्टर और आम जनता के हितों का पूरा ध्यान रखा गया है।
पीएम मोदी को दिया श्रेय, देशवासियों को दी बधाई
पीयूष गोयल ने कहा कि आज देश के 140 करोड़ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए एक बेहतरीन ट्रेड डील को फाइनल किया है। उन्होंने कहा कि यह समझौता भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा और गरीबों से लेकर उद्यमियों तक सभी के लिए नए अवसर पैदा करेगा।
महीनों की बातचीत के बाद बनी सहमति
गोयल ने बताया कि इस ट्रेड डील को अंतिम रूप देने में कई महीनों की लगातार बातचीत हुई। इस दौरान कई जटिल और अनसुलझे मुद्दों को सुलझाया गया। उन्होंने कहा कि भारत पर पहले 50 प्रतिशत तक टैरिफ लागू थे, जिससे उद्योगों को नुकसान हो रहा था। प्रधानमंत्री मोदी ने मित्रता और भारत के हितों को प्राथमिकता देते हुए विश्व मंच पर मजबूत तरीके से बात रखी, जिसके परिणामस्वरूप यह समझौता संभव हो पाया।
कृषि और डेयरी सेक्टर को मिला संरक्षण
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील में कृषि और डेयरी सेक्टर के हितों की पूरी सुरक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा इन क्षेत्रों को लेकर संवेदनशीलता दिखाई है और इस समझौते में भी किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया गया।
MSME और निर्यात सेक्टर को मिलेगा फायदा
पीयूष गोयल ने कहा कि इस डील से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (MSME) को बड़े पैमाने पर लाभ मिलेगा। टेक्सटाइल, ज्वेलरी, मरीन गुड्स जैसे सेक्टर को नए बाजार मिलेंगे और अब छोटे कारोबारी भी अमेरिका में अपने उत्पाद बेच सकेंगे।
‘यह सिर्फ डील नहीं, भारत के भविष्य का पड़ाव’
गोयल ने कहा कि यह केवल एक ट्रेड डील नहीं, बल्कि भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी धन्यवाद किया और कहा कि यह समझौता भारत-अमेरिका मित्रता को और मजबूत करेगा।










